पुणे, 28 सितंबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) महाराष्ट्र विधान परिषद के विधायक विक्रम काकड़े एक बार फिर निशानेबाजी के मैदान में वापसी कर रहे हैं. नवंबर में नई दिल्ली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप में वे भाग लेंगे. इसके लिए उन्होंने नियमित अभ्यास शुरू कर दिया है. निशानेबाजी काकड़े का पुराना और पसंदीदा खेल रहा है. पहले वे नियमित रूप से इसका अभ्यास करते थे, लेकिन सार्वजनिक जीवन की विभिन्न जिम्मेदारियों के कारण कुछ समय तक इस खेल से दूर रहे. अब उन्होंने फिर से राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता की तैयारी शुरू कर दी है. हाल ही में विक्रम काकड़े ने टेंभुर्णी स्थित पूर्व विधायक संजय मामा शिंदे के पुत्र तथा राष्ट्रीय स्तर के निशानेबाज यशवंत शिंदे के वेिशस्तरीय ट्रैप और स्कीट शूटिंग केंद्र का दौरा किया. इस अवसर पर संजय मामा शिंदे ने उनका स्वागत किया. दौरे के दौरान काकड़े ने निशानेबाजी का अभ्यास भी किया और कहा कि इससे उनकी पुरानी यादें ताजा हो गईं. विक्रम काकड़े ने कहा, निशानेबाजी मेरे लिए केवल एक खेल नहीं, बल्कि वर्षों से जुड़ी एक विशेष रुचि है. कुछ समय तक इससे दूर रहा, लेकिन अब पूरी तैयारी के साथ फिर से अभ्यास शुरू किया है. नवंबर में दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भाग लेने जा रहा हू्ं. सार्वजनिक जीवन की जिम्मेदारियों के साथ-साथ अपनी इस पुरानी रुचि को भी आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहा हू्ं. राष्ट्रीय प्रतियोगिता को ध्यान में रखते हुए काकड़े ने नियमित प्रशिक्षण शुरू कर दिया है. आने वाले कुछ सप्ताहों में उनके अभ्यास की तीव्रता और बढ़ाई जाएगी, ताकि वे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर सकें.