अतिरिक्त राजस्व हेतु BSNL किराये पर दे रहा प्रॉपर्टीज

पुणे विभाग में भारत संचार निगम लिमिटेड की करीब 60 से भी ज्यादा प्रॉपर्टीज हैं

    03-Sep-2026
Total Views |
 

45
 
(प्रसाद पाठक द्वारा) पुणे, 2 सितंबर

भारत संचार निगम लिमिटेड अर्थात बीएसएनएल अब राजस्व उपलब्ध कराने के लिए खुद की मालिकाना प्रॉपर्टीज किराए पर दे रही है. पुणे विभाग में 16 प्रॉपर्टीज किराए पर दी है. बालेवाडी और घोरपडी स्थित दो एकड जगह बेचने के बारे बीएसएनएल पुणे विभाग द्वारा दूरसंचार मंत्रालय को प्रस्ताव भी भेजा गया है. बीएसएनएल का अधिकांश कामकाज अब आऊटसोर्स किया गया है, क्योंकि वीआरएस स्कीम के बाद कर्मचारियों की संख्या भी अब बहुत ही कम हो गई है. 500 से भी कम स्टाफ रह गया है. ऐसे में अपनी खुद की प्रॉपर्टीज किराए पर दे कर अतिरिक्त राजस्व प्राप्त करना बीएसएनएल ने शुरू किया है. बीएसएनएल की पुणे विभाग अंतर्गत पुणे जिले में 60 से भी अधिक प्रॉपर्टीज है. इनमें से ग्रामीण इलाकों में यानी पुणे जिले के विभिन्न तहसील में तकरीबन 22 प्रॉपर्टीज हैं. पुणे जिले में बारामती, इंदापुर, दौंड, केडगांव, शिरूर, सासवड, चाकण, राजगुरूनगर, मंचर, जुन्नर, नारायण और विभिन्न जगहों पर बीएसएनएल की प्रॉपर्टीज हैं. पुणे शहर में 15 और लोनावला में 1 प्रॉपर्टी है. इनमें बाजीराव रोड, येरवडा, धनकवडी, महादजी शिंदे भवन, पिंपरी, चिंचवड, खराडी, येरवडा, चिखली, आकुर्डी, औंध, बाणेर जैंसी विभिन्न जगहों पर बीएसएनएल की खुद की प्रॉपर्टीज हैं. इन में छोटे-मोटे एक्सजेंट भी हैं. बीएसएनएल केंद्र सरकारी कंपनी होने के कारण, केंद्र सरकार के विभिन्न कार्यालयों को ही किराए पर अपनी प्रॉपर्टीज दे रहा है. जैसे कि बैंक, एलआईसी, जीएसटी जैसे केंद्र सरकारी संस्थानों को किराए पर दी है. पुणे शहर में बाजीराव रोड, मॉडल कॉलनी, शिवाजीनगर में स्थित बीएसएनएल की प्रॉपर्टीज केंद्र सरकारी कार्यालयों को किराए पर दी है. शिवाजीनगर में 1, मॉडेल कॉलनी में 5, बाजीराव रोड स्थित प्रॉपर्टी में 1 केंद्र सरकारी संस्था को किराए पर जगह दी है. 3 से 9 वर्ष के लिए प्रॉपर्टी किराए पर बीएसएनएल दे रहा है. पुणे विभाग के प्रधान महाप्रबंधक अनुराग कोचर ने बताया कि, अतिरिक्त राजस्व उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बीएसएनएल अब अपनी खुद की मालिकाना प्रॉपर्टीज्‌‍ किराए पर दे रही है. लेकिन केंद्र सरकार के मार्गदर्शन तत्वों के अनुसार यह प्रॉपर्टीज्‌‍ सिर्फ केंद्र सरकारी कार्यालयों को ही किराए पर दी जा रही है. जैसे कि बाजीराव रोड की प्रॉपर्टी बैंक को और सातारा रोड स्थित बीएसएनएल के पुणे विभाग के मुख्य कार्यालय का कुछ हिस्सा एलआईसी को किराये पर दिया है. साथ ही बालेवाडी में 1 एकड और घोरपडी में 1 एकड बीएसएनएल की खुद की मालिकाना प्रॉपर्टीज है. उन दो प्रॉपर्टीज बेचने के लिए हमने हमारे मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा है. प्रॉपर्टी बेचने के लिए हमारे मंत्रालय के साथ रक्षा मंत्रालय, राज्य सरकार और जिलाधिकारी कीअनुमति से ही आगे की प्रक्रिया की जाती है, लेकिन अभी सिर्फ प्रस्ताव भेजा गया है.