चारधाम यात्रा में अगस्त में 2.31 लाख यात्री पहुंचे

चार साल में सबसे ज्यादा संख्या; अकेले बद्रीनाथ में सबसे अधिक 1.25 लाख श्रद्धालु आए

    03-Sep-2026
Total Views |

Kedarnath 
देहरादून, 2 सितंबर (वि.प्र.)
उत्तराखंड में अगस्त माह में बारिश भूस्खलन के बीच चारधाम यात्रा की रफ्तार ने नया रिकार्ड बनाया है. बीते चार वर्ष में यह पहला माैका है जब अगस्त में चारधाम में सबसे ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे. इस साल बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगाेत्री और यमुनाेत्री में कुल 2,31,518 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए.
 
बद्रीनाथ धाम में सबसे ज्यादा 1.25 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए. तीन साल बाद केदारनाथ में भी इस अगस्त में सबसे ज्यादा शिव भक्त पहुंचे. काेराेनाकाल के बाद अगस्त 2022 में चारधाम में 2 लाख 67 हजार से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे थे. इस साल 19 अप्रैल से शुरू उत्तराखंड चारधाम यात्रा की रफ्तार जुलाई में सुस्त रही, लेकिन अगस्त में तेज बारिश, बंद हाईवे और कई जगहाें पर भूस्खलन की घटनाओं के बावजूद श्रद्धालुओं की संख्या का रिकाॅर्ड बना. चारधाम यात्रा में बीते साल की तुलना में इस बार अगस्त माह में 93,680 और 2024 के मुकाबले 1,18,502 यात्री ज्यादा पहुंचे. उत्तराखंड में सिखाें के पवित्र तीर्थस्थल हेमकुंड साहिब में अगस्त 2026 में रिकार्ड 67863 श्रद्धालु पहुंचे. 1 जून से शुरू हुई यात्रा में अभी तक 2.89 लाख श्रद्धालु आ चुके हैं.
 बीते वर्ष पूरे सीजन में 2 लाख 74 हजार श्रद्धालु आए थे. 40 दिन पहले ही रिकाॅर्ड टूट गया है. उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के लिए हेलिकाॅप्टर सेवा का दूसरा चरण 15 सितंबर से शुरू हाेगा.
 
उत्तराखंड सिविल एविएशन डेवलपमेंट अथाॅरिटी के मुताबिक, मानसून कमजाेर हाेने के बाद माैसम हेलिकाॅप्टर उड़ानाें के लिए सुरक्षित रहने की उम्मीद है. यह फैसला मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर लिया गया है. हेलिकाॅप्टर सेवा की सुरक्षा के लिए नागरिक उड्डयन मंत्रालय, एएआई और डीजीसीए के साथ तालमेल किया जा रहा है. सहस्रधारा हेलीपाेर्ट और सीतापुर में एटीसी व्यवस्था की गई है.