चिंचवड़, 29 सितंबर (आ.प्र.) चिंचवड़ स्थित श्रीमती गोदावरी हिंदी विद्यालय एवं कनिष्ठ महाविद्यालय की दसवीं कक्षा के वर्ष 2006-07 बैच के विद्यार्थियों का पुनर्मिलन समारोह उत्साह और भावनाओं से भरे माहौल में आयोजित किया गया. वर्षों बाद एक-दूसरे से मिले पुराने सहपाठियों ने स्कूल के दिनों की यादें ताजा कीं, जबकि विद्यार्थियों ने अपने जीवन को दिशा देने वाले गुरुजनों का सम्मान कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की. पुनर्मिलन समारोह का उद्देश्य केवल पुराने साथियों को एक मंच पर लाना नहीं, बल्कि आपसी संपर्क और भाईचारे को भविष्य में भी मजबूत बनाए रखना रहा. चिंचवड़ में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और स्वागत भाषण से हुई. इसके बाद भूतपूर्व प्राचार्य राधेश्याम मिश्रा सहित विभिन्न शिक्षक- शिक्षिकाओं को शॉल, पुष्प एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया. इस दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने स्कूल के दिनों से जुड़ी पुरानी यादें और अनुभव साझा किए. वर्षों बाद मिले साथियों के बीच बातचीत और स्मृतियों ने माहौल को भावुक बना दिया. समारोह में केक कटिंग, मनोरंजक गतिविधियां और विभिन्न गेम्स का भी आयोजन किया गया. विद्यार्थियों और शिक्षकों ने गु्रप फोटोग्राफी के जरिए इन यादगार पलों को कैमरे में कैद किया. इसके बाद दोपहर के भोजन के साथ गीत और नृत्य की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में जोश भर दिया. सभी विद्यार्थियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया. ‘एलुमनी ग्रुप’ बनाने का संकल्प विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि जिन गुरुजनों ने उन्हें जीवन का सही मार्ग दिखाया, उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता हमेशा कायम रखेंगे. साथ ही एक मजबूत एलुमनी ग्रुप बनाकर भविष्य में एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनने का निर्णय लिया गया. नम आंखों के साथ विदाई के दौरान फिर मिलने का वादा भी किया. कार्यक्रम में शामिल शिक्षक-शिक्षिकाओं में कुसुम तिवारी, सुरेश पांडेय, हरिकेश सिंह, वंदना मिश्रा, शंकर आथरे, सरिता पांडेय, अवधेश पांडेय, बबलू पांडेय, पदमा टकले, मीना म्हस्के, आरती जगताप और राजू शिंदे सहित अन्य गुरुजन शामिल रहे. कार्यक्रम के संयोजन में अस्मिता काचा, ममता बिडलानी, मुनीश दिनोदिया, राजेश गौड़, विजय वाल्मीकि, संतोष शर्मा, शबनम शेख, आसिफ उस्मानी, शोयब सैफी, उपेंद्र सिंह, वसीम खान, संतोष यादव, भवानी राठौड़ और भारत वर्मा शामिल रहे.