पुणे ग्रेजुएट और शिक्षक सीट के उम्मीदवारों का निर्णय सीएम तथा दोनों डीसीएम लेंगे

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकार वार्ता में दी महत्वपूर्ण जानकारी

    30-Sep-2026
Total Views |

Pune 
कासारवाड़ी, 29 सितंबर (आ.प्र.)
पुणे ग्रेजुएट निर्वाचन क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं ने बेहद उत्कृष्ट तरीके से संगठनात्मक रजिस्ट्रेशन किया है. इस रजिस्ट्रेशन के आधार पर वे जल्द ही चुनाव का सामना करने जा रहे हैं.
 
महायुति में पुणे स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीट पर काैन चुनाव लड़ेगा, इसका निर्णय मुख्यमंत्री और दाेनाें उपमुख्यमंत्री (डीसीएम) लेंगे. वे तीनाें जाे भी फैसला लेंगे, महायुति के कार्यकर्ता उसी दिशा में आगे बढ़ेंगे, यह विश्वास बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने मंगलवार काे पिंपरी में व्यक्त किया.
 
प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण मंगलवार काे पिंपरी-चिंचवड़ के दाैरे पर थे. उनके अध्यक्षीय भाषण के साथ शहर भाजपा की काेर कमेटी की बैठक संपन्न हुई. इसके बाद उन्हाेंने मीडिया से बातचीत की. इस अवसर पर शहराध्यक्ष शत्रुघ्न काटे, महापाैर रवि लांडगे, विधायक महेश लांडगे और शंकर जगताप उपस्थित थे.
 
पुणे स्नातक सीट पर राष्ट्रवादी कांग्रेस (अजित पवार) पार्टी द्वारा दावा किए जाने के सवाल पर चव्हाण ने कहा, ‘सीट बंटवारे के संबंध में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार निर्णय लेंगे. इन तीनाें के नेतृत्व वाली महायुति सरकार राज्य में कार्य कर रही है. यह तीनाें नेता इस विषय में जाे भी फैसला करेंगे, महायुति के सभी कार्यकर्ता उसी दिशा में काम करेंगे. इस बारे में सभी निर्णय संसदीय बाेर्ड में तय हाेते हैं. इसलिए संसदीय बाेर्ड इस संबंध में उचित फैसला लेगा.
 
चव्हाण ने आगे बताया, विदर्भ में दाे, पश्चिम महाराष्ट्र में दाे और मराठवाड़ा में एक, इस प्रकार विधान परिषद की पांच सीटाें पर बीजेपी के सभी कार्यकर्ताओं ने बहुत अच्छे ढंग से संगठनात्मक पंजीकरण किया है.
 
पंजीकृत मतदाता मतदान केंद्र तक कैसे पहुंचेंगे, इसका याेजनाबद्ध खाका तैयार किया गया है. इसके लिए ऑनलाइन बैठकें भी आयाेजित की जा चुकी हैं. इन पांचाें निर्वाचन क्षेत्राें में बेहतरीन तैयारियां की गई हैं.