गुलटेकड़ी, 29 सितंबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) पुणे पीपल्स को-ऑपरेटिव बैंक ने अपने अमृत महोत्सव वर्ष के अवसर पर सदस्यों के लिए 15% लाभांश घोषित किया है. बैंक की 75वीं वार्षिक साधारण सभा ‘दि पूना मर्चेंट्स चेंबर’ के सभागार में बहुत ही सौहार्दपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित की गई. इस सभा में पिछले वित्तीय वर्ष के दौरान बैंक के उत्कृष्ट प्रदर्शन की समीक्षा की गई. सभा का स्वागत भाषण बैंक के अध्यक्ष श्रीधर गायकवाड़ ने किया. उन्होंने कहा कि पिछले वित्तीय वर्ष में बैंक ने कुल 3,063 करोड़ रुपये का व्यवसाय किया है और 19.45 करोड़ रुपये का लाभ कमाया है. बैंक अपने नेट एनपीए को 0% पर बनाए रखने में सफल रहा है. विशेष बात यह है कि बैंक ने पिछले वर्ष की तुलना में 357 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड व्यावसायिक वृद्धि दर्ज की है. बैंक अपनी 23 शाखाओं के माध्यम से पिछले 74 वर्षों से निष्कलंक बैंकिंग सेवाएं प्रदान कर रही है. हाल ही में बैंक ने वेताल, कात्रज और शिवापुर में नई शाखाएं शुरू की हैं. आगामी वर्ष में कम से कम 4 और शाखाएं शुरू करने का संकल्प लिया गया है. बैंक के अमृत महोत्सव वर्ष के अवसर पर पूरे साल हर महीने एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस संबंध में भी सभा में जानकारी दी गई. सदस्यों के प्रश्नों के उत्तर बैंक के प्रबंध मंडल के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ निदेशक एडवोकेट सुभाष मोहिते तथा ज्येष्ठ निदेशक सीए जयादत्त रणदिवे ने दिए. बैंक की ओर से रिपोर्ट अवधि में उल्लेखनीय कार्य करने वाले बैंक के सदस्यों, खाताधारकों, निदेशकों, कर्मचारियों और उनके बच्चों का सम्मान किया गया. संचालक बबनराव भेगड़े ने आभार व्यक्त किया और मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. संजय घोडके ने कार्यक्रम का मंच संचालन किया.