सर्पदंश का इलाज अब कमला नेहरू हॉस्पिटल में भी हो सकेगा
मनपा के डॉक्टरों को दिया प्रशिक्षण : राज्य सरकार ने सर्पदंश को ‘अधिसूचित बीमारी’ घोषित किया
04-Sep-2026
Total Views |
पुणे, 3 सितंबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) मनपा के कमला नेहरू अस्पताल में अब सर्पदंश का उपचार किया जाएगा. इसके लिए वहां के डॉक्टरों को बुधवार (2 सितंबर) को प्रशिक्षण दिया गया. कुछ दिन पहले ही राज्य सरकार ने सर्पदंश को ‘अधिसूचित बीमारी’ घोषित किया है, जिसके बाद अब मनपा के अस्पतालों में भी इसका उपचार किया जाएगा. अब तक केवल ससून हॉस्पिटल में ही सर्पदंश का उपचार किया जाता था. राज्य के सरकारी, निजी अस्पतालों, चिकित्सा महाविद्यालयों और चिकित्सकों के लिए सर्पदंश की प्रत्येक संदिग्ध, संभावित या निश्चित घटना तथा सर्पदंश से हुई मृत्यु की जानकारी संबंधित स्वास्थ्य प्राधिकरण के पास दर्ज करना अनिवार्य होगा. साथ ही, इस निर्णय के कारण सर्पदंश की घटनाओं की प्रभावी निगरानी, समय पर उपचार और सर्पविषरोधी दवा (एएसवी) की उपलब्धता का नियोजन अधिक सक्षम बनाया जाएगा. इसी उद्देश्य से अब मनपा के अस्पतालों में इसका उपचार शुरू किया जाएगा. सर्पदंश से होने वाली विषाक्तता संभावित रूप से जानलेवा स्थिति है तथा समय पर निदान, उचित प्राथमिक उपचार, तत्काल अस्पताल में भर्ती कराना और आवश्यकता के अनुसार सर्पविषरोधी दवा उपलब्ध कराना अत्यंत महत्वपूर्ण है. इसी पृष्ठभूमि में राज्य में सर्पदंश की घटनाओं का वैज्ञानिक तरीके से रिकॉर्ड रखने और उसके आधार पर निवारक उपाय करने के लिए सरकार ने अधिसूचना लागू की है. नारायणगांव के विषाक्तता और सर्पदंश विशेषज्ञ डॉ. सदानंद राऊत ने बुधवार को मनपा हॉस्पिटल के डॉक्टरों को इस संबंध में प्रशिक्षण दिया. केंद्र सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र द्वारा शुरू किए गए सर्पदंश रोकथाम एवं नियंत्रण राष्ट्रीय कार्यक्रम के लिए राष्ट्रीय तकनीकी सलाहकार समिति का गठन किया गया है. इस समिति के डॉ. राऊत सदस्य हैं.