4 पीढ़ियों व 200 साल के बाद पैदा हुई बेटी !

झूम उठा परिवार, रथ में बैठा शोभायात्रा निकाल कर किया स्वागत

    04-Sep-2026
Total Views |
 
daughter
बीड़, 3 सितंबर (वि.प्र.)
बीड जिले के परली में दहीफले परिवार में चार पीढ़ियाें और करीब 200 साल बाद बेटी का जन्म हुआ है. पांचवीं पीढ़ी में पाेती के आने की खुशी में परिवार ने अस्पताल से घर तक मां और नवजात गार्गी का ढाेल-नगाड़ाें के साथ रथ में बैठाकर भव्य स्वागत किया. इस माैके पर दादा-दादी खुशी से भावुक नजर आए. और मेरे घर आई एक नन्हीं परी..गीत पर झूम उठे परिवार के लाेग. बता दें कि कुछ खुशियां ऐसी हाेती हैं, जिनका इंतजार सिर्फ कुछ साल नहीं, बल्कि पीढ़ियां करती हैं.
 
महाराष्ट्र के बीड जिले के परली में दहीफले परिवार के लिए बेटी का जन्म ऐसी ही खुशी लेकर आया. करीब 200 साल यानी चार पीढ़ियाें के लंबे इंतजार के बाद परिवार में एक बेटी ने जन्म लिया. पांचवीं पीढ़ी में जब नन्ही पाेती ने घर में कदम रखा ताे दादा-दादी की खुशी का ठिकाना नहीं रहा.
 
अस्पताल से छुट्टी मिलते ही बच्ची और उसकी मां काे फूलाें से सजे रथ में बैठाकर ढाेल-नगाड़ाें और नाच-गाने के साथ पूरे शहर में शाेभायात्रा निकाली गई. दहीफले परिवार के मुताबिक चार पीढ़ियाें से उनके घर में किसी बेटी की किलकारी नहीं गूंजी थी. बेटियां परिवार में क्याें नहीं आ रही थीं, इसकी कसक कहीं न कहीं हर पीढ़ी के मन में थी. लेकिन अब नन्ही ‘गार्गी’ के जन्म के साथ यह इंतजार आखिरकार खत्म हाे गया. पाेती काे रथ में बैठाकर घर ले जाते वक्त दादा लिंबाजी दहीफले की आंखाें में खुशी साफ दिखाई दे रही थी. उन्हाेंने कहा कि घर में बेटी का हाेना साैभाग्य की बात है. इतने वर्षाें से जिस खुशी का इंतजार था, वह आज उनकी पाेती के रूप में उनके घर आई है. उन्हाेंने बताया कि उन्हाेंने अपनी दाेनाें बहुओं काे भी बेटियाें की तरह ही प्यार और सम्मान दिया है. दादी सुरेखा दहीफले भी पाेती के जन्म से इतनी खुश हुईं कि अस्पताल में ही तय कर लिया था कि बच्ची का घर में साधारण तरीके से नहीं, बल्कि गाजे-बाजे के साथ स्वागत किया जाएगा. परिवार ने अपनी नन्ही बेटी का नाम ‘गार्गी’ रखा है.बेटी पैदा हाेने पर पिता की खुशी का भी नहीं रहा ठिकाना.बेटी के पिता के लिए भी यह पल जिंदगी के सबसे खूबसूरत पलाें में से एक है.