चिखली, 3 सितंबर (आ.प्र.)
पिंपरी-चिंचवड़ शहर के चिखली इलाके से एक युवक का अपहरण कर उसे कार से उत्तर प्रदेश ले जा रहे छह संदिग्धाें काे राजमार्ग पुलिस (हाईवे पुलिस) ने समृद्धि महामार्ग पर हिरासत में ले लिया. तेज रफ्तार कार का पीछा कर हाईवे पुलिस ने युवक काे महज कुछ ही घंटाें में सुरक्षित छुड़ा लिया. हाईवे पुलिस के पुणे परिक्षेत्र की बाभलेश्वर पुलिस टीम ने बुधवार की रात यह कार्रवाई की.
राजमार्ग सुरक्षा बल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, चिखली से एक युवक का अपहरण किया गया था. उसे छह लाेग कार में सिन्नर की ओर ले जा रहे हैं और वहां से समृद्धी महामार्ग हाेकर नागपुर के रास्ते उत्तर प्रदेश ले जाया जाएगा, यह जानकारी समृद्धि महामार्ग नियंत्रण कक्ष, छत्रपति संभाजीनगर काे मिली. नियंत्रण कक्ष ने यह सूचना बाभलेश्वर हाईवे पुलिस टीम काे दी. सूचना मिलते ही टीम ने समृद्धि महामार्ग पर चैनल क्रमांक 532 से 502.7 के बीच सर्च ऑपरेशन चलाकर नाकाबंदी कर दी. चैनल क्रमांक 523 पर संदिग्ध कार नागपुर की दिशा में तेज रफ्तार से जाती हुई पुलिस काे नजर आई. पुलिस ने तुरंत कार का पीछा करना शुरू कर दिया. आखिरकार चैनल क्रमांक 520 पर कार काे सुरक्षित रूप से राेकने में टीम काे सफलता मिली.
कार की तलाशी लेने पर उसमें अपहृत युवक और छह संदिग्ध मिले. पुलिस ने युवक काे सुरक्षित छुड़ाकर छह संदिग्धाें काे कार समेत हिरासत में ले लिया. उन्हें काेकमथान टाेल प्लाजा पर लाकर प्राथमिक पूछताछ की गई.