नागपुर में मध्य रेल महाप्रबंधक व सांसदों की बैठक संपन्न

यात्री सुविधाओं और रेल विकास के मुद्दों पर चर्चा

    04-Sep-2026
Total Views |

gvfs

नागपुर, 3 सितंबर (वि.प्र.)

मध्य रेल के महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव ने 2 सितंबर को नागपुर स्थित मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कार्यालय के समाधान कॉन्फ्रेंस हॉल में नागपुर और भुसावल मंडलों के माननीय सांसदों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की. इस बैठक में प्रधान विभागाध्यक्षों सहित नागपुर और भुसावल के मंडल रेल प्रबंधकों ने भाग लिया. बैठक में सांसद श्यामकुमार बारवे (रामटेक), अमर काले (वर्धा), प्रतिभा सुरेश धानोरकर (चंद्रपुर), दुर्गादास उइके (बैतूल), बंटी विवेक साहू (छिंदवाड़ा), भास्कर मुरलीधर भागरे (दिंडोरी), स्मिता उदय वाघ (जलगांव), अनूप संजय धोत्रे (अकोला), बलवंत बसवंत वानखेडे (अमरावती), ज्ञानेेशर पाटिल (खंडवा) और राज्यसभा सांसद अनिल बोंडे (अमरावती) उपस्थित रहे. समारंभ की शुरुआत में महाप्रबंधक ने सभी सांसदों का शॉल और श्रीफल भेंट कर स्वागत किया तथा मध्य रेल की हालिया उपलब्धियों की जानकारी दी. बैठक की कार्यवाही का सफल संचालन उप महाप्रबंधक के. के. मिश्रा ने किया. इसके उपरांत नागपुर मंडल के डीआरएम विनायक गर्ग और भुसावल मंडल के डीआरएम पुनीत अग्रवाल ने अपने-अपने क्षेत्रों के विकास कार्यों और रेल परियोजनाओं की विस्तृत प्रस्तुतियां दीं. चर्चा के दौरान सभी जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों में रेल नेटवर्क के विस्तार, नई ट्रेनों के परिचालन और स्टेशन सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उठाए्‌‍. सांसदों ने स्टेशन पुनर्विकास, तीसरी व चौथी रेल लाइन के निर्माण, अमृत भारत स्टेशन योजना, वंदे भारत व अमृत भारत एक्सप्रेस तथा त्योहारों पर विशेष ट्रेनों के संचालन जैसे रेलवे के सराहनिय प्रयासों की प्रशंसा की. रेलवे अधिकारियों ने सांसदों की सभी मांगों का त्वरित और संतोषजनक उत्तर दिया. महाप्रबंधक ने ओशस्त किया कि जनहित में दिए गए सभी सुझावों पर सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी तथा बुनियादी ढांचे के विकास और यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी के लिए प्राथमिकता के आधार पर कदम उठाए जाएंगे.