ड्रग माफिया की 55 लाख की संपत्ति फ्रीज

नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की कड़ी कार्रवाई

    05-Sep-2026
Total Views |

drug 
पिंपरी, 4 सितंबर (आ.प्र.)
पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस ने न केवल अवैध नशीले पदार्थाें के तस्कराें के नेटवर्क काे नष्ट करने बल्कि उनकी आर्थिक स्थिति काे भी नुकसान पहुंचाने के लिए उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू की है. पुलिस ने सांगवी पुलिस स्टेशन में दर्ज नशीले पदार्थाें और ममाेका अपराध के गिराेह के सरगना जुनैद अफजल खान और उसकी पत्नी फाैजिया खान द्वारा नशीले पदार्थाें से बनाये काले धन से निर्मित पुरंदर तहसील में 55 लाख 16 हजार रुपये की अचल संपत्ति काे जब्त कर लिया है. मुंबई के सक्षम प्राधिकारी ने इस कार्रवाई काे कानूनी मंजूरी दे दी है.
 
सांगवी इलाके में अपराध के आराेपी से 55.29 ग्राम मेफेड्राेन (एमडी) जब्त किया गया. इस मामले में मकाेका धारा के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आराेपियाें की आर्थिक स्थिति की जांच शुरू की. जांच के दाैरान पता चला कि आराेपी जुनैद खान और उसकी पत्नी ने गराड़े (तहसील पुरंदर, जिला पुणे) के गुट नंबर 2274 में 3 गुंठा (3000 वर्ग फुट) जमीन खरीदी थी और उस पर निर्माण कार्य किया था.
 
जैसे ही यह स्पष्ट हुआ कि 55.16 लाख रुपये की यह अवैध संपत्ति नशीले पदार्थाें के अवैध धन से अर्जित की गई थी, पुलिस ने मुंबई स्थित सक्षम प्राधिकारी काे इसे जब्त करने का प्रस्ताव भेजा. सुनवाई के दाैरान, आराेपी यह साबित करने के लिए काेई सबूत पेश नहीं कर सका कि यह संपत्ति कानूनी तरीके से खरीदी गई थी. इसलिए, एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68एफ (1) के तहत, सक्षम प्राधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना इस संपत्ति की बिक्री या लेन-देन निषिद्ध है.
 
पुलिस आयुक्त विनय कुमार चाैबे के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच द्वारा पुणे जिले में 2026 में की गई यह पहली बड़ी ज़ब्ती कार्रवाई है. पुलिस ने तस्कराें काे कड़ी चेतावनी दी है कि नशीले पदार्थाें के काले धन से बने उनके वित्तीय साम्राज्याें पर भी इसी तरह की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.