शुक्रवार पेठ, 5 सितंबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) शुक्रवार पेठ स्थित पंचमुखी मारुति मंदिर के पास अनोखे तरीके से साइकिल दहीहांडी का आयोजन किया गया. इस अवसर पर जेधे सोशल फाउंडेशन और इंद्राणी बालन फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में ‘अभिनव बालगोपाल साइकिल दहीहंडी’ उपक्रम में 300 जरूरतमंद विद्यार्थियों को निशुल्क साइकिलें वितरित की गईं. इस अवसर पर महापौर मंजूषा नागपुरे ने कहा कि त्यौहार सभी को एक साथ आकर आनंद लेने के लिए होते हैं. त्यौहारों के माध्यम से सामाजिक भावनाओं को संजोकर रखना चाहिए. समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर त्यौहार मनाने की परंपरा हमें बनाए रखनी चाहिए. मंच पर इंद्राणी बालन फाउंडेशन के अध्यक्ष पुनीत बालन, अक्कलकोट राजघराना के वंशज श्रीमंत मालोजीराजे तृतीय, भाजपा महाराष्ट्र प्रदेश सचिव एड. वर्षा डहाले, नगरसेवक अविनाश बागवे, गौरव बोराडे तथा जेधे सोशल फाउंडेशन और श्री शिव छत्रपति मित्र मंडल के अध्यक्ष कान्होजी दयानंद जेधे, जयराज वाडेकर, उमेश सपकाल, निरंजन सोमवंशी, साईराज नाईक, साहिल भिंगे, मंगेश कोंढरे, प्रीतम परदेशी सहित अन्य उपस्थित थे. कान्होजी जेधे ने कहा कि साइकिल दहीहांडी की संकल्पना को लागू करने वाला हमारा पहला मंडल है. ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को स्कूल पहुंचने में होने वाली कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए हमने दहीहांडी उत्सव को अनोखे तरीके से मनाने का निर्णय लिया. इस वर्ष साइकिल दहीहांडी का तीसरा वर्ष है और इस बार 300 विद्यार्थियों को साइकिलें वितरित की गईं.
उत्साहपूर्ण माहौल में बालगोपालों के हाथों दहीहांडी फोड़ी गई आंबेगांव और जुन्नर तहसील के माळीण, अंबसरी बुद्रुक, शिरोली, नारायणगांव, ओझर, भीमाशंकर, शिरोली खुर्द सहित अतिदुर्गम क्षेत्रों के गांवों के विद्यार्थियों के साथ ही पुणे के बस्ती क्षेत्रों के विद्यार्थी और शिक्षक भी इस अवसर पर उपस्थित थे. इस दौरान बालगोपालों के हाथों दहीहांडी फोड़ी गई. नादब्रह्म और तालचक्र ढोल पथकों ने अपने शानदार वादन से कार्यक्रम में विशेष रंग भर दिया.