पिंपले निलख, 6 सितंबर
पिंपले निलख स्थित इस्काॅन बी.सी. ई.सी. मंदिर परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व हर्षाेल्लास, भक्ति एवं श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ. इस वर्ष मंदिर में पिछले पांच वर्षाें का रिकाॅर्ड ताेड़ते हुए श्रद्धालुओं की अभूतपूर्व भीड़ देखने काे मिली. शनिवार काे सुबह से लेकर देर रात तक पूरा मंदिर प्रांगण हरे कृष्ण महामंत्र और जयकाराें से गुंजायमान रहा.
महाेत्सव की शुरुआत तड़के 4:30 बजे सैकड़ाें भक्ताें के सामूहिक नाम-जप और भव्य मंगला आरती के साथ हुई्। पूरे दिन चले इस आध्यात्मिक उत्सव में धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयाेजनाें की धूम रही. आकर्षक फूलाें और मनमाेहक राेशनी से सजे मंदिर में श्रद्धालुओं ने भगवान के दिव्य रूप के दर्शन किए तथा भक्तिभाव से ठाकुर जी काे झूला झुलाया.
दिनभर विभिन्न कीर्तन मंडलियाें द्वारा मधुर संकीर्तन किया गया. साथ ही व्यासपीठ से कृष्ण कथा पर विशेष प्रवचनाें की अमृत वर्षा हुई. शाम के मुख्य समाराेह में कलाकाराें ने मनमाेहक शास्त्रीय नृत्य और भगवान श्रीकृष्ण की बाल-लीलाओं पर आधारित भावपूर्ण नाटकाें की प्रस्तुति देकर जनसमूह काे मंत्रमुग्ध कर दिया.
बच्चाें काे सनातन संस्कृति से सहज रूप में जाेड़ने के लिए विशेष खेल, प्रतियाेगिताएं और ज्ञानवर्धक गतिविधियां आयाेजित की गईं. शहर के कई गणमान्य अतिथियाें ने मंदिर पहुंचकर दर्शन किए. मंदिर प्रबंधन द्वारा सभी आगंतुकाें के लिए सुव्यवस्थित स्टाॅल के माध्यम से भाेजन और महाप्रसाद का वितरण किया गया.