पिंपले निलख के इस्कॉन में जन्माष्टमी संपन्न

भक्ति एवं श्रद्धा के साथ मनाया पर्व : महोत्सव में टूटे पिछले 5 वर्षों के रिकॉर्ड

    07-Sep-2026
Total Views |

bfbg


पिंपले निलख, 6 सितंबर

पिंपले निलख स्थित इस्कॉन बी.सी. ई.सी. मंदिर परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व हर्षोल्लास, भक्ति एवं श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ. इस वर्ष मंदिर में पिछले पांच वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ते हुए श्रद्धालुओं की अभूतपूर्व भीड़ देखने को मिली. शनिवार को सुबह से लेकर देर रात तक पूरा मंदिर प्रांगण हरे कृष्ण महामंत्र और जयकारों से गुंजायमान रहा. महोत्सव की शुरुआत तड़के 4:30 बजे सैकड़ों भक्तों के सामूहिक नाम-जप और भव्य मंगला आरती के साथ हुई्‌‍| पूरे दिन चले इस आध्यात्मिक उत्सव में धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों की धूम रही. आकर्षक फूलों और मनमोहक रोशनी से सजे मंदिर में श्रद्धालुओं ने भगवान के दिव्य रूप के दर्शन किए तथा भक्तिभाव से ठाकुर जी को झूला झुलाया. दिनभर विभिन्न कीर्तन मंडलियों द्वारा मधुर संकीर्तन किया गया. साथ ही व्यासपीठ से कृष्ण कथा पर विशेष प्रवचनों की अमृत वर्षा हुई. शाम के मुख्य समारोह में कलाकारों ने मनमोहक शास्त्रीय नृत्य और भगवान श्रीकृष्ण की बाल-लीलाओं पर आधारित भावपूर्ण नाटकों की प्रस्तुति देकर जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया. बच्चों को सनातन संस्कृति से सहज रूप में जोड़ने के लिए विशेष खेल, प्रतियोगिताएं और ज्ञानवर्धक गतिविधियां आयोजित की गईं. शहर के कई गणमान्य अतिथियों ने मंदिर पहुंचकर दर्शन किए. मंदिर प्रबंधन द्वारा सभी आगंतुकों के लिए सुव्यवस्थित स्टॉल के माध्यम से भोजन और महाप्रसाद का वितरण किया गया.
 
मध्यरात्रि को महाआरती व ‌‘फूलों की होली‌’ खेली

रात ठीक 12 बजे भगवान के प्राकट्य समय पर मुख्य अभिषेक और विशेष महाआरती संपन्न हुई. इसके पश्चात श्रीश्री राधा-कृष्ण की मूर्तियों पर सुगंधित दुर्लभ पुष्पों की वर्षा कर ‌‘फूलों की होली‌’ खेली गई, जिसे देख कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे. मंदिर प्रबंधन ने इस भव्य आयोजन को अनुशासित और सफल बनाने के लिए सभी स्वयंसेवकों, सहयोगियों, स्थानीय प्रशासन एवं श्रद्धालुओं का हार्दिक आभार व्यक्त किया.