शिवाजीनगर, 6 सितंबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) गणेशोत्सव के अवसर पर पुणे मनपा के स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को पर्यावरण अनुकूल गणेश प्रतिमा करने और रंगने का प्रशिक्षण जाएगा. इसके लिए ‘रंगवा इकबाप्पा’ उपक्रम आयोजित किया जाएगा. महाराष्ट्र राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग मंडल की हस्तकागज संस्था के पुणे उत्पादन विभाग के माध्यम से यह उपक्रम संचालित होगा. दो हजार विद्यार्थियों के लिए पर्यावरण अनुकूल गणेश प्रतिमके संच खरीदने हेतु 25 लाख रुपये खर्च करने के प्रस्ताव को स्थायी समिति ने मंजूरी दी है. मनपा प्रशासन की ओर से पहले डेढ़ हजार विद्यार्थियों के लिए यह उपक्रम चलाने का प्रस्ताव रखा गया था. विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाकर दो हजार करने की उपसूचना को समिति ने मंजूरी दे दी. प्रत्येक संच में कागज के गूदे और शाडू मिट्टी के मिश्रण से बनी सात इंच की गणेश प्रतिमा, छह रंग, दो तूलिकाएं, पैकिंग तथा संच की जानकारी देने वाली पुस्तिका शामिल होगी. केंद्रीय भंडार खरीद समिति द्वारा 11 जून 2026 को निर्धारित दर के अनुसार एक संच की कीमत 1,400 रुपये है. डेढ़ हजार के लिए 21 लाख रुपये खर्च अपेक्षित है. मनपा के प्राथमिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में कार्यशालाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण अनुकूल गणेश प्रतिमा रंगने का प्रत्यक्ष अनुभव दिया जाएगा. गणेशोत्सव में पर्यावरण अनुकूल प्रतिमाओं के उपयोग को बढ़ावा देना तथा विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करना इस उपक्रम का मुख्य उद्देश्य है. महाराष्ट्र राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग मंडल की हस्तकागज संस्था द्वारा तैयार विभिन्न उत्पादों को राज्य सरकार ने प्रोत्साहन दिया है. इन उत्पादों की खरीद के लिए दर भी निर्धारित की गई हैं. इसी दर सूची में सात इंच की पर्यावरण अनुकूल गणेश प्रतिमा के संच की कीमत 1,400 रुपये तय की गई है. इस उपक्रम के लिए वर्ष 2026-27 के बजट में ‘शैक्षणिक उपक्रम’ शीर्षक के अंतर्गत निर्धारित 2 करोड़ 50 लाख रुपये की राशि में से 25 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे.