पुणे, 7 सितंबर
(आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)
बी.जे. गवर्नमेंट मेडिकल काॅलेज (बीजेएमसी) के 11 प्राेफेसराें काे बारामती स्थित पुण्यश्लाेक अहिल्यादेवी हाेलकर शासकीय वैद्यकीय महाविद्यालय में अस्थायी रूप से प्रतिनियुक्त किया गया है.
इस फैसले से ससून अस्पताल में चिकित्सा शिक्षा और मरीजाें की सेवा प्रभावित हाेने की आशंका जताई जा रही है.
बारामती में स्नातकाेत्तर चिकित्सा पाठ्यक्रमाें के लिए आवश्यक प्राेफेसराें की कमी है. इन रिक्तियाें काे भरने के लिए चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान एवं आयुष विभाग ने इन प्राेफेसराें की प्रतिनियुक्ति के आदेश जारी किए हैं. ये प्राेफेसर वहां तीन महीने तक या नियमित प्राेफेसराें की नियुक्ति हाेने तक सेवा देंगे.
वरिष्ठ प्राेफेसराें की प्रतिनियुक्ति : इस प्रतिनियुक्ति में कई महत्वपूर्ण विभागाें के वरिष्ठ प्राेफेसर शामिल हैं. इनमें जनरल मेडिसिन विभाग के डाॅ. हरिदास प्रसाद और डाॅ. साेनाली सावली, प्रसूति एवं स्त्रीराेग विभाग की डाॅ. संगीता गवली, एनाटाॅमी (शरीर रचना विज्ञान) विभाग के डाॅ. याेगेश गणाेरेकर और डाॅ.
साेनाली कानवड़े, बायाेकेमिस्ट्री विभाग के डाॅ. साेमनाथ सालगर, फाेरेंसिक मेडिसिन विभाग के डाॅ. हरीश ततिरा, मनाेचिकित्सा विभाग की डाॅ. निकिता धाेरात, रेडियाेलाॅजी विभाग के डाॅ. प्रवीण लामघाडे तथा त्वचा एवं याैन राेग विभाग के डाॅ. शेखर प्रधान और डाॅ. वसुधा बेलगांवकर शामिल हैं.
ससून अस्पताल की सेवाओं पर पड़ेगा असर? : इनमें से कई प्राेफेसर केवल स्नातक और स्नातकाेत्तर विद्यार्थियाें काे पढ़ाने का काम नहीं करते, बल्कि ससून अस्पताल में क्लिनिकल प्रशिक्षण और मरीजाें की सेवा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. बाह्य राेगी विभाग (ओपीडी), आंतरिक राेगी विभाग (आईपीडी), गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) और शल्य चिकित्सा प्रक्रियाओं के दाैरान प्रत्यक्ष अनुभव के लिए विद्यार्थी इन वरिष्ठ प्राेफेसराें पर निर्भर रहते हैं. ऐसे में इन प्राेफेसराें की प्रतिनियुक्ति से ससून अस्पताल की चिकित्सा सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका है.
ससून अस्पताल में पुणे शहर, जिले और आसपास के क्षेत्राें से बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए आते हैं. ऐसे में बचे हुए प्राेफेसराें और चिकित्सा कर्मचारियाें पर पड़ने वाले अतिरिक्त कार्यभार काे लेकर भी चिंता जताई जा रही है. निजी स्वास्थ्य सेवाओं का खर्च वहन नहीं कर पाने वाले मरीजाें के लिए ससून अस्पताल इलाज का एक प्रमुख केंद्र है.