शीतल देवी वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज के फाइनल में

अपने ही देश की सरिता को 145-143 से हराया: कल आइजादा सेइडन से होगा मुकाबला

    08-Sep-2026
Total Views |
 
archery
अहमदाबाद, 7 सितंबर (वि.प्र.)
वर्ल्ड आर्चरी पैरा चैंपियन और भारत की स्टार पैरा तीरंदाज शीतल देवी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अहमदाबाद में आयाेजित हाे रही वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज 2026 के तीसरे चरण के कंपाउंड महिला व्यक्तिगत वर्ग के फाइनल में जगह बना ली है.
 
साेमवार काे खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में शीतल ने अपनी ही देश की खिलाड़ी सरिता काे 145- 143 के करीबी अंतर से हराया. शीर्ष वरीयता प्राप्त भारतीय खिलाड़ी बुधवार काे फाइनल में कजाकिस्तान की दूसरी सीडेड खिलाड़ी आइजादा सेइडन का सामना करेगी. वहीं, सरिता ब्राॅन्ज मेडल के लिए चीन की वांग हुइटिंग से मुकाबला करेंगी, जिन्हाेंने दूसरे राउंड में दुनिया की पहली क्वाड्रपल एम्प्यूटी (चाराें अंग न हाेने वाली खिलाड़ी) पायल नाग काे हराया था.
 
शीतल ने रविवार काे कंपाउंड महिला क्वालिफिकेशन में सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ स्काेर 698 हासिल करके भारत की अंतरराष्ट्रीय मेजबानी की शुरुआत काे यादगार बना दिया था.19 वर्षीय बिना हाथाें वाली तीरंदाज शीतल ने अपना ही एशियाई रिकाॅर्ड एक प्वाइंट से बेहतर किया. यह रिकाॅर्ड उन्हाेंने पहले नाेवे मेस्टाे में दूसरे चरण में बनाया था.
 
इस प्रदर्शन ने आइची-नागाेया 2026 एशियन पैरा गेम्स से पहले शीतल की शानदार फाॅर्म काे भी दिखाया, जहां वह कंपाउंड महिला व्यक्तिगत और मिक्स्ड टीम खिताब का बचाव करेंगी. कजाकिस्तान की दुनिया की 41वें नंबर की खिलाड़ी सेइडन ने भी अपने कॅरियर का सर्वश्रेष्ठ स्काेर 688 हासिल किया, जिसमें 17 एक्स शामिल थे.टाेक्याे 2020 चैंपियन फाेबे पैटर्सन पाइन ने 681 स्काेर करके पांचवां स्थान हासिल किया. वहीं, पायल ने 72-एराे क्वालिफिकेशन राउंड में 654 स्काेर करके 14वां स्थान हासिल किया.
 
शीतल देवी ने इस टूर्नामेंट में सिर्फ व्यक्तिगत स्पर्धा में ही नहीं, बल्कि मिक्स्ड टीम इवेंट में भी शानदार प्रदर्शन किया है. उन्हाेंने अनुभवी भारतीय तीरंदाज राकेश कुमार के साथ मिलकर रविवार काे कंपाउंड मिक्स्ड टीम क्वालिफिकेशन राउंड में नया विश्व रिकाॅर्ड बनाया. यह उपलब्धि दाेनाें खिलाड़ियाें की सफल साझेदारी में एक और बड़ी कामयाबी है. इससे पहले भी शीतल और राकेश ने साथ मिलकर कई यादगार प्रदर्शन किए हैं.
 
उनकी सबसे बड़ी उपलब्धियाें में पेरिस 2024 पैरालंपिक खेलाें का मिक्स्ड टीम ब्राॅन्ज मेडल भी शामिल है. इस जाेड़ी ने कुल मिलाकर शानदार 1400 प्वाइंट्स हासिल किए और पेरिस 2024 में बनाए गए अपने पिछले वर्ल्ड रिकाॅर्ड काे एक प्वाइंट से बेहतर किया. शीतल ने लालपति के साथ मिलकर 1368 का स्काेर किया और कंपाउंड महिला डबल्स में शीर्ष वरीयता हासिल की.