लॉकडाउन और संचारबंदी के दौरान ज्यादा मुनाफ कमाने के उद्देश्य से दोगुनी कीमत पर किराना सामान बेचने वाले व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन पर केस दर्ज किया गया है. इनमें शक्कर, खोपरा गोला, दाल आदि जीवनआवश्यक सामग्रियां शामिल है. शहर में तीन अलगअलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रिटेल व्यापारियों पर कार्रवाई की है तथा माल भी जब्त किया है.
उल्लेखनीय है कि सरकार ने लॉकडाउन के दौरान जीवनोपयोगी वस्तुओं की बिक्री की छूट दी है. पुलिस को जानकारी मिली थी कि कुछ स्थानों पर संचारबंदी और लॉकडाउन का फायदा उठाकर कुछ लोग दोगुनी कीमत पर माल बेच रहे हैं.. इस बारे में शिकायत मिलने के बाद शहर पुलिस ने बालेवाडी स्थित अविष्कार बिल्डिंग में पन्नाराम पूनाजी चौधरी की दुकान पर ज्यादा दाम में सामान बेचे जाने का केस चतुश्रंगी पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है. यहां सींगदाना १८० रुपए किलो, तुअर दाल १६० रुपए किलो, मूंगदाल १५५ रुपए किलो, चनादाल १४० रुपए किलो, खोपरा गोला २८० रुपए तथा शक्कर ४८ रुपए किलो बेची जा रही थी.
इसी प्रकार खडकी बाजार के गांधी चौक स्थित बी. एम. अग्रवाल किराना स्टोर में भी सींगदाना १४० रुपए किलो, खोपरा गोला २२० रुपए किलो बेचा जा रहा था. इसके मालिक गौरव अग्रवाल पर भी खडकी पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है. इसके अलावा सदाशिव पेठ स्थित अग्रज फूड प्रोसेसर नामक दुकान में भी शक्कर ५५ रुपए किलो, साबूदाना १६० रु. किलो, सींगदाना २०० रु. किलो और तुअर दाल १५० रुपए तथा मसूर दाल २०० रुपए किलो बेची जा रही थी. इसकी जानकारी खाद्यान सप्लाई विभाग को मिली. इसके बाद निरीक्षक प्राजक्ता माली ने विश्रामबाग पुलिस स्टेशन में दुकान के मालिक बालकृण दिगंबर थत्ते पर शिकायत दर्ज की है.