महाराष्ट्र में फिर एक बार बारिश का कहर

    08-Aug-2022
Total Views |
 
 
Heavy rain
 
मुंबई, 8 अगस्त (वि.प्र.) - महाराष्ट्र में मानसून फिर एक बार सक्रिय हो गया है। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। इससे लोग परेशान है। नदियां-नाला उफान पर है। मूसलाधार बरसात और तेज हवाओं ने किसानों की फसलो को बर्बाद कर दिया है। इससे किसानों व्यापक नुकसान हुआ है। वहीं जनजीवन भी अस्त-व्यस्त हो गया है।
 
महाराष्ट्र में भारी बारिश का अलर्ट -
इस बीच मौसम विभाग ने महाराष्ट्र में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। पुणे, सतारा सहित कई जिलों में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। महाराष्ट्र में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। आईएमडी का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में कम दबाब का क्षेत्र बनने और अरब सागर में कम दबाव का बेल्ट डेवलप होने के कारण महाराष्ट्र में बरसात की रफ्तार तेज हुई है। साथ ही मुंबई में भी मुसलाधार बारिश की चेतावनी दी गई है। राज्य के मराठवाडा सहित कुछ जगहों पर मंगलवार और बुधवार को भारी बारिश की आशंका जताई गई है।
 
मराठवाडा-विदर्भ में येलो अलर्ट जारी -
आईएमडी ने कोंकण सहित मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में अधिक बरसात होने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने पुणे, सतारा, रत्नागिरी, रायगढ़ जिले में बरसात का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कोंकण के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि मराठवाडा-विदर्भ के लिए येलो अलर्ट किया है।
 
नागपुर, अमरावती और चंद्रपुर में लगातार मूसलाधार बारिश - 
महाराष्ट्र के अमरावती, नागपुर, चंद्रपुर समेत कई क्षेत्र में लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। इससे लोग परेशान है। नदियां-नाला उफान पर है। जनजीवन भी अस्त-व्यस्त हो गया है। इससे किसानों को क्षति हुई है।
 
करोड़ों की फसल बर्बाद -
महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण फसले बर्बाद हो रही है. राज्य में ऐसी बारिश हुई है कि बोए गए क्षेत्र में ज्यादातर फसल जलमग्न हो गई है और इसमें सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है. खेतों में पानी भर जाने की वजह से अंकुरित बीज खराब हो रहे हैं. बारिश ने हर जगह तबाही मचा रखी है.
 
महाराष्ट्र भूस्खलन - 
लगातार हो रही बारिश के चलते भूस्खलन होने की खबर है. घाट पर कई सड़कों को बंद कर दिया गया है। लोगों को सुरक्षित जगहों पर ले जाया गया है। दमकल विभाग की गाड़ियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
 
मुख्यमंत्री शिंदे ने किया हिंगोली और नांदेड़ का दौरा
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे आज हिंगोली जिले के नांदेड़ के दौरे पर हैं। नांदेड़ और हिंगोली दोनों जिलों में पिछले कुछ दिनों से बारिश हो रही है। बारिश से नांदेड़ और हिंगोली जिलों में कृषि को व्यापक नुकसान हुआ है। मुख्यमंत्री पहले भी हर संभव मदद का आश्वासन दे चुके है।
 
शिरडी में भारी बारिश से विश्राम गृह और साईं प्रसादालय पानी में डूबा -
शिरडी में भी बीती रात को हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शिरडी मंदिर परिसर में भी बुरा हाल है। जलभराव की वजह से यहां लोगों को काफी दिक्कतें हो रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शिरडी के महावितरण सब स्टेशन के साथ-साथ शासकीय विश्राम गृह परिसर में भी भारी मात्रा में पानी जमा हुआ है।
 
इतना ही नहीं, साईं प्रसादालय के आसपास पानी भरने की तस्वीरें हैरान करने वाली है। जहां श्रद्धालुओं को घुटने भर पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। भारी बारिश के कारण शिरडी में बिजली सप्लाई बुरी तरह प्रभावित हुई है। रात से शिरडी के कई हिस्सों की बिजली आपूर्ति ठप है, जिससे लोगों को बहुत परेशानी हो रही है। तेज बारिश के कारण कई जगहों पर बिजली के खंभे भी गिरे हैं। जबकि शिरडी के ग्रामीण इलाकों की कच्ची सड़के भी क्षतिग्रस्त हुई है.
 
राज्य में लगातार हो रही भारी बारिश से फसलों को भी नुकसान हो रहा है। दर्जनभर से ज्यादा गांवों का संपर्क राज्य के अन्य हिस्सों से कट गया है। जबकि हजारों घर पानी से घिरे हुए हैं।