पावापुरी जल मंदिर में मनाया गया मनोरम दीपोत्सव

    16-Nov-2023
Total Views |
 
j
 
कात्रज, 13 नवंबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)
 
श्री महावीर स्वामीजी के निर्वाण कल्याणक और श्री गौतम स्वामीजी के केवल ज्ञान कल्याणक के पावन अवसर पर पवित्र कात्रज स्थित पावापुरी जल मंदिर में दीपावली पर दीपोत्सव का आयोजन हर साल किया जाता है. यह शानदार उत्सव लक्ष्मी पूजा के दिन यानी 12 नवंबर को शाम 6 बजे से आधी रात तक आयोजित किया गया. इस मौके पर बजने वाली शहनाई और वीणा ने मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया. वर्धमान जैन अगम मंदिर ट्रस्ट एवं महावीरजी मोहनालालजी बाठिया परिवार पिछले 16 वर्षों से इस दीपोत्सव का आयोजन लगातार करते आ रहे हैं.
 
यह जानकारी राजेंद्र बाठिया ने दी. बाठिया ने बताया कि रात्रि 12 बजे लाडू अर्पण एवं महाआरती हुई. मंदिर में भगवान महावीर स्वामी की एक सुंदर छवि और श्री गौतम स्वामी की चरणपादुका और श्री लक्ष्मी देवी और श्री सरस्वती देवी की सुंदर मूर्तियां हैं. दीपोत्सव के अवसर पर 10 से 15 हजार श्रद्धालु उनके दर्शन के लिए आते हैं, इस वर्ष भी हमने इस उत्सव की सफलतापूर्वक तैयारी की. बाठिया ने यह भी बताया कि वाहन पार्किंग सहित सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किये गये. स्व. आचार्यश्री हर्षसागर महाराज स्व. आचार्यश्री नंदीवर्धन महाराज और 103 वर्षीय गचाधिपति श्री दौलतसागरजी महाराज की सजीव रंगोली विशेष आकर्षण का केंद्र रही.