ललित पाटिल को भागने में मदद करने के आरोप में तीन गिरफ्तार

आरोपियों में जेल पुलिस सहित ससून हॉस्पिटल और जेल का काउंसलर भी शामिल

    29-Nov-2023
Total Views |
 
sas
 
पुणे, 28 नवंबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)
 
पुणे पुलिस ने ड्रग तस्कर ललित पाटिल को भागने में मदद करने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. इसमें ससून अस्पताल के सिपाही, जेल पुलिस और जेल का काउंसलर शामिल हैं. इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों के नाम महेंद्र यशवंत शेवते (उम्र-57 वर्ष, निवासी- रक्षानगर, खराड़ी), मोइस अहमद शेख (उम्र-30 वर्ष, मूल निवासी- देगलूर, नांदेड़) और सुधाकर सखाराम इंगले (उम्र- 44 वर्ष) हैं. इस दौरान शासकीय वकील एड. निलिम इथापे-यादव ने अदालत को बताया कि महेंद्र शेवते भूषण पाटिल और अभिषेक बलकवड़े के साथ ललित पाटिल के संपर्क में था. वह इसकी जांच करना चाहते हैं कि उन्होंने ललित पाटिल को भागने में कैसे मदद की.
 
इसके अलावा येरवड़ा जेल का एक कर्मचारी मोइस शेख ससून में वार्ड नंबर 16 के सामने गार्ड ड्यूटी पर था. 2 अक्टूबर को, ललित पाटिल ने मोइस शेख के मोबाइल फोन का उपयोग करके एड. प्रज्ञा कांबले और अभिषेक बलकवड़े से फोन पर बात की और इसके बाद फरार हो गया. ललित पाटिल को भागने में मदद करने के मामले में इन दोनों को 5 दिन की पुलिस हिरासत दी गई है. आरोपियों की ओर से पेश हुए वकील समीर घाटगे ने कोर्ट को बताया कि 2 अक्टूबर को गांधी जयंती होने के कारण महेंद्र शेवते की छुट्टी थी. तो आखिरकार ललित पाटिल को भागने में वह कैसे मदद कर सकते हैं. दोनों पक्षों को सुनने के बाद कोर्ट ने दोनों आरोपियों को 1 दिसंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया.
 
आज अदालत में पेश किया जाएगा
ससून अस्पताल के वार्ड नंबर 16 में ललित पाटिल का इलाज चल रहा था. 2 अक्टूबर को वह पुलिस को चकमा देकर भाग निकला. ससून अस्पताल के कर्मचारी महेंद्र शेवते, जेल पुलिस मोइस अहमद शेख और कांस्टेबल सुधाकर इंगले को क्राइम ब्रांच की यूनिट-2 ने उसे भागने में मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया था. इस बीच, महेंद्र शेवते और मोइस शेख को प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट ए. सी. बिराजदार के अदालत में पेश किया गया. इस बार उन्हें 1 दिसंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है. चूंकि सुधाकर इंगले को मंगलवार देर रात गिरफ्तार किया गया था, इसलिए उन्हें बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा.