एक ग्राम सोने के आभूषणों की मांग में हो रही लगातार वृद्धि

07 Feb 2024 14:13:10
 
g
 
पुणे, 6 फरवरी (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)
 
पिछले कुछ महीनों में सोने की कीमतें आसमान छू रही हैं, लेकिन अब खरीदारों को इतने महंगे आभूषण लेने की कोई जरुरत नहीं है. क्योंकि अब बाजार में सोने के आभूषण जैसा अनुभव देने वाले एक ग्राम सोने के आभूषण आ गए हैं, जिससे खरीदारों को भारी कीमत चुकाए बिना सोने की महिमा का आनंद लेने का अवसर मिलेगा. जब तांबे या मिश्र धातु आधारित आभूषण पर एक ग्राम सोने का लेप लगाया जाता है तो इसे एक ग्राम सोने का आभूषण कहा जाता है. इन आभूषणों की मांग में पिछले शादी सीजन की तुलना में लगभग 15 से 20 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है. एक ग्राम सोने के आभूषण नकली आभूषणों की तुलना में अधिक टिकाऊ होते हैं.
 
लोगों को खूब पसंद आ रहे एक ग्राम सोने के आभूषण
मार्केटयार्ड की निवासी सना डोंगरे ने कहा कि सोने के साथ एक भावनात्मक मूल्य जुड़ा हुआ है और चूंकि सोना अभी बेहद महंगा है, इसलिए मैंने अपनी शादी में नकली सेट के बजाय एक ग्राम सोने के आभूषण पहनने का फैसला किया है. श्री मुंबादेवी दागिना बाजार एसोसिएशन के सचिव अनिल जैन ने कहा कि मुंबई के गोल्ड हब जवेरी बाजार में एक ग्राम सोने के आभूषण की मांग बहुत अधिक है. बुधवार पेठ में सूरी डिजाइन के मालिक संजय परमार ने कहा कि सोना अब आम आदमी की पहुंच से बाहर हो गया है. एक ग्राम सोने के आभूषण लगभग सोने जैसा दिखते हैं और यह नकली आभूषणों की तुलना में अधिक टिकाऊ होते हैं. एक ग्राम सोने के आभूषण की चमक नकली आभूषणों से बहुत अलग होती है.
 
इन गहनों का री-सेल मूल्य भी होता है. एक ग्राम सोने के आभूषण में दुल्हन के लिए भारी गहने जैसे चोकर्स, हार, रानीहार, चूड़ियां आदि खरीदे जाते हैं. वानवड़ी निवासी फातिमा टीनवाला ने बताया कि मेरी बेटी की अगले महीने शादी होने वाली है, इसलिए हमने एक ग्राम के आभूषणों में कुछ भारी सेट खरीदे क्योंकि शुद्ध सोने के सेट पहुंच से बाहर हो गए हैं. पिंपरी- चिंचवड़ में ‌‘अनेरी' चलाने वाले अंकित गाला ने कहा कि उन्हें दूल्हा- दुल्हन के करीबी परिवार और दोस्तों से एक ग्राम सोने के आभूषणों के लिए मांग में वृद्धि दिख रही है. पिछले वर्ष के दौरान सोने की कीमत 64 से 65 हजार प्रति 10 ग्राम के आसपास होने के कारण, खरीदार सेमी-प्रेशियस-स्टोन-आधारित आभूषणों का भी चयन कर रहे हैं, जिसमें बहुत कम मात्रा में सोने का उपयोग होता है, लेकिन अनुभव सोने के आभूषण जैसा ही देता है.
 
क्या होता है एक ग्राम सोने का गहना
जब तांबे या मिश्र धातु आधारित आभूषण पर एक ग्राम सोने की परत चढ़ाई जाती है, तो इसे एक ग्राम सोने का आभूषण कहा जाता है.
Powered By Sangraha 9.0