पिंपरी, 22 सितंबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)
शिवसेना व भाजपा द्वारा पिंपरी विधानसभा की सीट पर दावा किये जाने के बाद एनसीपी सहित पिंपरी-चिंचवड़ शहर महायुति के तीनों दलों में ‘तू डाल-डाल, मैं पात-पात' का खेल शुरू हो गया है. पिंपरी सीट अपने हिस्से में लेने जुगत कर रही शिवसेना व बीजेपी से एक कदम आगे बढ़ाते हुए अजीत पवार की एनसीपी ने शहर की तीनों सीटों (पिंपरी, चिंचवड़ और भोसरी) पर दावा ठोककर जता दिया है कि ‘तुम सेर हो तो हम सवा सेर' हैं. कुल मिलाकर शहर की सीटों के बंटवारे को लेकर महायुति के तीनों दलों में विवाद होने के आसार हैं. खरालवाड़ी स्थित पिंपरी-चिंचवड़ शहर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के कार्यालय में रविवार को आयोजित पार्टी की मासिक बैठक में एनसीपी नेताओं ने अपने कड़े तेवर दिखा दिये.
विधायक अन्ना बनसोड़े की अध्यक्षता में यह बैठक संपन्न हुई. इस दौरान तीनों सीटों पर दावा करते हुए प्रस्ताव पारित किया गया और पार्टी अध्यक्ष अजित पवार से ये सीटें अपने हिस्से में लेने की मांग की गई. इससे शहर महायुति में विवाद की चिंगारी भड़कने के आसार हैं. बैठक में शहर कार्याध्यक्ष फजल शेख ने प्रस्ताव रखा कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए शहर के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में एनसीपी का जनाधार है और इसलिए ये सीटें एनसीपी को ही मिलनी चाहिए. पिंपरी से मौजूदा विधायक एनसीपी के ही हैं. यह सीट छोड़ने का सवाल ही नहीं उठता. इसके अलावा भोसरी और चिंचवड़ विधानसभा में भी एनसीपी की काफी ताकत है. महिला अध्यक्ष कविता आल्हाट ने शेख के प्रस्ताव का अनुमोदन किया.
इस अवसर पर वरिष्ठ नेता भाऊसाहेब भोईर, पूर्व महापौर मंगला कदम, युवक अध्यक्ष शेखर काटे, विद्यार्थी अध्यक्ष चेतन दुधाल, ओबीसी अध्यक्ष विजय लोखंडे, पूर्व नगरसेवक सतीश दरेकर, संतोष बारणे, राजेंद्र जगताप, ज्ञानेेशर कांबले, गोरक्षनाथ पाषाणकर, निलेश पांढारकर, बन्सी पारड़े, वरिष्ठ महिला कार्याध्यक्ष कविता खराड़े, सामाजिक न्याय विभाग के अध्यक्ष संजय औसरमल, सेवा दल के अध्यक्ष महेश झपके, सचिन औटे, सहकारिता प्रकोष्ठ के अध्यक्ष श्रीधर वाल्हेकर, असंगठित कामगार सेल के अध्यक्ष रवींद्र ओव्हाल, उद्योग व व्यापार सेल के अध्यक्ष श्रीकांत कदम, आदिवासी सेल के अध्यक्ष विष्णु शेलके, युवक पिंपरी विधानसभा अध्यक्ष अक्षय माछरे, वीजेएनटी अध्यक्ष राजू लोखंडे, लीगल सेल अध्यक्ष संजय दातीर, ग्राहक कल्याण सेल की अध्यक्षा पल्लवी पांढरे, लता ओव्हाल, महिला कार्याध्यक्ष उज्ज्वला ढोरे, चिंचवड विधानसभा महिला अध्यक्षा संगीता कोकणे, मीरा कदम, उपाध्यक्ष विजय दलवी, तुकाराम बजबलकर, अरूण पवार, गोरोबा गुजर, रवींद्र सोनवणे, हर्षल मोरे, बालासाहेब पिल्लेवार, राजीव क्षीरसागर, राजेंद्रसिंह वालिया, महासचिव राजू चांदणे आदि उपस्थित थे.
महायुति में विवाद भड़कने के आसार
शिवसेना व भाजपा द्वारा पिंपरी सीट पर दावा किये जाने के बाद एनसीपी द्वारा अख्तियार किये गये इस रुख से शहर महायुति में विवाद की चिंगारी भड़कने के आसार पैदा हो गये हैं. एनसीपी ने शहर की तीनों सीटों पर दावा करके जता दिया है कि सीटों के बंटवारे में वह न तो समझौता करेगी और न ही झुकेगी.