पुणे, 5 सितंबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)
शहनाई चौघड़ा की धुन के साथ ही बैंड की धुन और ढोल की थाप के साथ भाद्रपद शुद्ध चतुर्थी, शनिवार, 7 सितंबर को सम्मान के गणपति बाप्पा की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा होगी. श्री की मूर्तियां चांदी की पालकी में उत्सव मंडप में पूरे सम्मान के साथ कार्यकर्ता लेकर आएंगे. गणेशभक्त गणेशोत्सव के पहले दिन से ही अपने प्यारे गणपति बाप्पा के जुलूस (मिरवणूक) का आनंद भी उठाएंगे. पारंपरिक पोशाक में युवक-युवती अपने प्यारे बाप्पा के स्वागत की तैयारी में लगे हैं.
सम्मान के पहले श्री कसबा गणपति
सम्मान के पहले श्री कसबा गणपति सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल के श्री का जुलूस सुबह 8.30 बजे चांदी की पालकी में निकलेगा. जुलूस का मार्ग रास्ता पेठ पॉवर हाउस से दारूवाला पुल-देवजी बाबा चौक, फड़के हौद से उत्सव मंडप तक है. जुलूस में देवलणकर बंधुओं के नगाड़ा वादन, प्रभात बैंड, संघर्ष, श्रीराम व शौर्य ढोल ताशा पथक शामिल होंगे. श्री की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा सुबह 11.37 बजे सिद्धगिरि मठ, कोल्हापुर के मठाधीश अदृष्यकाडसिद्धेेशर स्वामी द्वारा होगी.
सम्मान के दूसरे श्री तांबडी जोगेश्वरी
सम्मान के दूसरे श्री तांबड़ी जोगेश्वरी सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल की मूर्ति का जुलूस सुबह 10 बजे चांदी की पालकी में निकलेगा. जुलूस का मार्ग नारायण पेठ स्थित केलकर रोड पर मंदार लॉज से कुंटे चौक, आप्पा बलवंत चौक से उत्सव मंडप तक है. जुलूस में आढाव बंधुओं का नगाड़ा वादन, न्यू गंधर्व ब्रास बैंड, शिवमुद्रा, ताल ढोल- ताशा पथक, विष्णुनाद शंख पथक शामिल होंगे. श्री की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा दोपहर 12.11 बजे श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र, अयोध्या के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंददेव गिरि महाराज द्वारा की जाएगी.
सम्मान के तीसरे श्री गुरुजी तालीम
सम्मान के तीसरे श्री गुरुजी तालीम मंडल के श्री का जुलूस (मिरवणूक) सुबह 10.30 बजे आकर्षक पुष्प रथ में निकलेगा. जुलूस का मार्ग गणपति चौक-लिंबराज महाराज चौक- अप्पा बलवंत चौक-बुधवार चौक-बेलबाग चौक से उत्सव मंडप तक है. जुलूस में जयंत नगरकर का नगाड़ा वादन, अश्वराज ब्रास बैंड, गुरुजी प्रतिष्ठान, रुद्रांग, आवर्तन ढोल-ताशा पथक शामिल होंगे. श्री की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा दोपहर 1.31 बजे उद्योगपति पुनीत बालन और जान्हवी बालन द्वारा की जाएगी.
सम्मान के चौथे श्री तुलसीबाग गणपति
सम्मान के चौथा श्री तुलसीबाग गणपति उत्सव मंडल के श्री का जुलूस (मिरवणूक) लकड़ी की पालकी में सुबह 10 बजे निकलेगा. उद्योगपति पुनीत बालन द्वारा जगन्नाथ पुरी मंदिर की प्रतिकृति का उद्घाटन किया जाएगा. जुलूस का मार्ग गणपति चौक-आप्पा बलवंत चौक-बुधवार चौक से गणपति चौक होते हुए उत्सव मंडप तक रहेगा. जुलूस में नगाड़ा वादन, ढोल-ताशा पथक होंगे. दोपहर 12.30 बजे श्री की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा कोहिनूर ग्रुप के अध्यक्ष कृष्णकुमार गोयल सपत्नीक करेंगे.
सम्मान के पांचवें श्री केसरीवाड़ा गणपति
सम्मान के पांचवें केसरीवाड़ा श्री का जुलूस लकड़ी की पालकी में निकलेगा. जुलूस का मार्ग माणकेश्वर विष्णु चौक-शिंदेपार- ओंकारेश्वर मंदिर-नारायण पेठ पुलिस चौकी से तिलकवाड़ा तक है. जुलूस में श्रीराम, गंधाक्ष ढोल-ताशा पथक रहेंगे. प्राण प्रतिष्ठा सुबह 11 बजे तिलक वाड़ा में रौनक रोहित तिलक द्वारा की जाएगी.