बुधवार पेठ, 5 सितंबर (आ.प्र.)
देश के पहले सार्वजनिक गणपति श्रीमंत भाऊसाहेब रंगारी ट्रस्ट के बप्पा की प्राण प्रतिष्ठा शनिवार (7 सितंबर) दोपहर 12.30 बजे मशहूर गायक कैलाश खेर के हाथों की जाएगी. इससे पहले ढोल- नगाड़ों की धुन पर शोभा यात्रा निकलेगी. उत्सव के प्रमुख एवं ट्रस्टी पुनीत बालन ने यह जानकारी दी है. बालन ने कहा कि गणेश चतुर्थी के मौके पर सुबह 8 बजे बाप्पा की आरती होगी. इसके बाद शोभायात्रा शुरू होगी. प्रारंभ में लाठियों एवं शंख गायन के साथ मर्दाना खेल प्रस्तुत होंगे. इसके बाद श्रीमंत भाऊसाहेब रंगारी भवन के सामने सात पथकों द्वारा ढोल-नगाड़ों की सलामी दी जाएगी. इसमें शिव मुद्रा, वाद्यवृंद, मानवंदना, श्री, नूमवि, कलावंत, श्रीराम यह सात ढोल ताशा पथक शामिल होंगे. दोपहर 12:30 बजे मशहूर गायक कैलाश खेर द्वारा बाप्पा की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी. पुनीत बालन ने कहा कि इसके बाद आगे के कार्यक्रम होंगे.
132 साल बाद हाथों से रथ खींचेंगे कार्यकर्ता
श्रीमंत भाऊसाहेब रंगारी ट्रस्ट के बप्पा की प्राणप्रतिष्ठापना से पहले विभिन्न पथकों द्वारा ढोल- नगाड़ों की प्रस्तुति और शोभायात्रा निकलेगी. दिलचस्प बात यह है कि 132 साल बाद पहली बार इस साल बाप्पा के रथ को बिना बैल जोड़ी के कार्यकर्ता अपने हाथों से खींचेंगे. सभी गणेश भक्तों से अनुरोध है कि वे इस प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल हों.