सिंह रथ पर सवार होकर निकली श्रीमंत ‌‘दगडूसेठ‌’ गणेश की शोभायात्रा

08 Sep 2024 11:43:44
 
g1
 
 
 
बुधवार पेठ, 7 सितंबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)
 
गणपति बाप्पा मोरया... मंगलमूर्ति मोरया... के जयकारे लगाते हुए सिंह रथ में विराजमान श्रीमंत दगडूशेठ गणपति की शोभायात्रा के साथ प्राण प्रतिष्ठा की गई. श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई सार्वजनिक गणपति ट्रस्ट और सुवर्णयुग तरूण मंडल द्वारा आयोजित ट्रस्ट के 132वें वर्ष के उपलक्ष्य में शनिवार (7 सितंबर) को हजारों भक्तों की उपस्थिति में उत्सव शुरू हुआ. गणेश चतुर्थी पर सुबह 11:11 बजे के मुहुर्त पर हुमनाबाद (कर्नाटक) स्थित श्री दत्त संप्रदाय के श्री ज्ञानराज महाराज माणिक प्रभु ने श्री गणेश की प्राण प्रतिष्ठा की. मुख्य पूजा मिलिंद राहुरकर एवं नटराज शास्त्री गुरुजी के पौरोहित्य में संपन्न हुई.
 
 
g1
 
 
 
श्रीमंत दगडूसेठ के गणपति बाप्पा को उत्सव के पारंपरिक स्थल जय गणेश प्रांगण में हिमाचल प्रदेश के जटोली शिव मंदिर की प्रतिकृति में स्थापित किया गया है. इससे पूर्व श्रीमंत दगडूसेठ गणेश की आगमन शोभायात्रा सुबह 8.30 बजे मुख्य मंदिर से शुरू हुई. शोभायात्रा में सबसे आगे देवलणकर बंधु का चौघड़ा, गायकवाड़ बंधू द्वारा सनई, दरबार बैंड, प्रभात बैंड, मयूर बैंड समेत गंधाक्ष ढोल ताशा मंडली ने भी भाग लिया.
 
भगवान गणेश के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े. यहां ट्रस्ट के अध्यक्ष माणिक चव्हाण, उपाध्यक्ष डॉ. रामचन्द्र उर्फ बालासाहेब परांजपे, उपाध्यक्ष सुनील रासने, कोषाध्यक्ष महेश सूर्यवंशी, महासचिव हेमन्त रासने, महोत्सव के प्रमुख अक्षय गोडसे, संयुक्त सचिव अमोल केदारी, सुवर्णयुग तरूण मंडल अध्यक्ष प्रकाश चव्हाण सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे.
Powered By Sangraha 9.0