भारतीय जूनियर पुरुष हाॅकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एफआईएच पुरुष जूनियर विश्व कप में अर्जेंटीना काे 4-2 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया.भारत ने लखनऊ में 2016 में इस टूर्नामेंट का खिताब जीता था, लेकिन टीम पिछले दाे संस्करणाें में पाेडियम फिनिश करने में असफल रही थी. इस तरह 9 साल बाद भारतीय पुरुष टीम काे जूनियर हाॅकी विश्व कप में पदक मिला है. भारत के लिए अंकित पाल (49वें मिनट), मनमीत सिंह (52वें मिनट) और अनमाेल एक्का (58वें मिनट) ने पेनल्टी काॅर्नर पर गाेल किए, जबकि शारदा नंद तिवारी ने 57वें मिनट में गाेल दागा. पहले दाे क्वार्टर में अर्जेंटीना की टीम मजबूत नजर आ रही थी और भारतीय टीम गाेल करने के लिए संघर्ष कर रही थी.अर्जेंटीना के लिए निकाेलस राॅड्रिग्ज ने तीसरे और सांतियागाे फर्नांडेज ने 44वें मिनट में गाेल दागा.
तीन क्वार्टर तक दाे गाेल से पिछड़ने के बाद भारत ने शानदार वापसी करते हुए आखिरी क्वार्टर में दनादन 4 गाेल करके खचाखच भरे स्टेडियम में मानाे जान फूंक दी. पहले 49वें मिनट में मिले पेनल्टी काॅर्नर काे अंकित ने गाेल में बदलकर भारत का खाता खाेला. वहीं, 52वें मिनट में भारत काे फिर पेनल्टी काॅर्नर मिला जिस पर अनमाेल के शाॅट पर गेंद डिफ्लैक्ट हाेकर मनमीत की स्टिक से टकराकर गाेल के भीतर गई. स्काेर 2-2 से बराबर हाेने के बाद लग रहा था कि मैच शूटआउट में जाएगा, लेकिन आखिरी सीटी बजने से तीन मिनट बाकी रहते भारत काे अहम पेनल्टी स्ट्राेक मिला जिसे शारदा नंद तिवारी ने गाेल में बदलकर पहली बार भारत काे बढ़त दिलाई. अर्जेंटीना काे अगले मिनट में पेनल्टी काॅर्नर मिला लेकिन इस टूर्नामेंट की खाेज रहे गाेलकीपर प्रिंसदीप सिंह ने एक बार फिर शानदार बचाव किया.भारत काे 58वें मिनट में मिले पेनल्टी काॅर्नर काे अनमाेल ने गाेल में बदला और टीम काे शानदार जीत दिलाई.