मुंबई, 2 मई (वि.प्र.) मध्य रेल के महाप्रबंधक धर्मवीर मीना ने 30 अप्रैल, 2025 को मुंबई मंडल के माननीय सांसदों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की. मध्य रेल मुख्यालय के चिंतन कक्ष में आयोजित इस बैठक में प्रधान विभागाध्यक्षों और मंडल रेल प्रबंधक, मुंबई भी उपस्थित थे. माननीय सांसद श्रीरंग अप्पा बारणे, वर्षा गायकवाड़, नरेश म्हस्के, राजाभाऊ प्रकाश वाजे, चंद्रकांत हंडोरे और धैर्यशील पाटिल ने महाप्रबंधक मीना और अन्य अधिकारियों के साथ मुंबई मंडल में चल रहे विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं में सुधार, स्टेशन पुनर्विकास योजनाओं, बुनियादी ढांचे के कार्यों और रेलवे से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की. बैठक की शुरुआत में, महाप्रबंधक मीना ने सभी माननीय सांसदों का शॉल और श्रीफल भेंट कर स्वागत किया. अपने स्वागत भाषण में, उन्होंने परियोजनाओं को पूरा करने में सांसदों के सहयोग और प्रेरणा की सराहना की. उन्होंने कहा कि सांसदों के मार्गदर्शन में यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. मुंबई मंडल के मंडल रेल प्रबंधक हीरेश मीना ने मुंबई मंडल की उपलब्धियों पर एक विस्तृत प्रस्तुति दी. बैठक का संचालन उप महाप्रबंधक मध्य रेल के. के. मिश्रा ने किया.