सकारात्मक जीवनशैली उत्तम स्वास्थ्य की कुंजी

30 Jan 2026 14:42:35

bsfb fc
शिवाजीनगर, 29 जनवरी (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)
आज के दौर में यह गलतफहमी बढ़ती जा रही है कि अधिक डॉक्टर और अधिक अस्पताल होने का अर्थ एक स्वस्थ समाज है. वास्तव में, दवाओं के बजाय उचित आहार, नियमित व्यायाम और सकारात्मक जीवनशैली ही निरोगी जीवन के असली आधार स्तंभ हैं, ऐसे विचार प्रसिद्ध स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. जगन्नाथ दीक्षित ने रखे. वे स्वास्थ्य के प्रति जन-जागरूकता के लिए ‌‘सुचेता स्वास्थम' द्वारा विकसित स्वास्थम मोबाइल एप के अनावरण के अवसर पर बोल रहे थे. गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) के उपलक्ष्य में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. इस अवसर पर प्रसिद्ध उद्यमी, स्टार्टअप सलाहकार और एनईएफ फाउंडेशन के संस्थापक गणेश नटराजन, वरिष्ठ उद्योगपति और बायोरैड मेडिसिस के प्रबंध निदेशक जीतेंद्र हेगड़े मुख्य रूप से उपस्थित थे. गणेश नटराजन ने कहा, जिस प्रकार जीवन जीने के लिए शिक्षा आवश्यक है, उसी तरह स्वस्थ रहने के लिए स्वास्थ्य शिक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है. समाज को सही दिशा दिखाने वाले ‌‘स्वास्थम' जैसे उपक्रम समय की मांग हैं. जीतेंद्र हेगड़े ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य का अर्थ केवल शारीरिक फिटनेस नहीं, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य भी है. एप के अनावरण के बाद आयोजित स्वास्थ्य संगोष्ठी में डॉ. राजेश धोपेेशरकर, डॉ. अतुल राक्षे, मेजर विशाल कराड, डॉ. विनीता केतकर, डॉ. किरण खरात और डॉ. पुष्कर खैर ने अपने विचार साझा किए. कार्यक्रम में वरिष्ठ उद्योगपति और ‌‘सुचेता स्वास्थम' के रणनीतिक सलाहकार सुनील देशमुख तथा उद्यमिता के प्रख्यात प्रोफेसर व सलाहकार विनोद शास्त्री का विशेष सम्मान किया गया. एप के प्रारंभिक परीक्षण चरण में योगदान देने के लिए नर्स रूपाली कसबे, नेहल जावले, नीलम शेख, नंदिनी शेट्ये, संजय कुऱ्हाडे और कांचन देशकर को भी सम्मानित किया गया. कार्यक्रम का संचालन डॉ. पुष्कर खैर ने किया. प्रस्तावना सुचेता गोडबोले-देशपांडे ने रखी और आभार प्रदर्शन राहुल देशपांडे ने किया.  
 
दस वर्षों में करोड़ों लोगों को करेंगे जागरूक ‌

‘स्वास्थम' के संस्थापक सुचेता गोडबोले-देशपांडे और राहुल देशपांडे ने बताया कि, देश के विभिन्न सामाजिक-आर्थिक स्तरों के सैकड़ों लोगों के स्वास्थ्य संबंधी अध्ययन के बाद ‌‘स्वास्थम' ऐप की अवधारणा विकसित की गई है. हमारा दीर्घकालिक उद्देश्य अगले दस वर्षों में करोड़ों लोगों तक पहुंचकर उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना है.  
Powered By Sangraha 9.0