विश्रांतवाड़ी, 30 जनवरी (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) अग्रवाल समाज द्वारा आयोजित विशेष वर्गों का वैवाहिक परिचय सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. इस सम्मेलन में मुख्य विशेष वर्गों के कुल 174 प्रत्याशियों ने भाग लिया.जिनमें युवक 62, युवतियां 112, विधवा-विधुर, 18 तलाकशुदा और दिव्यांग 12 प्रत्याशी शामिल थे. इनमें से 4 वैवाहिक संबंध तुरंत तय हो गए, जबकि आगामी कुछ ही दिनों में 25 से 30 और संबंध जुड़ने की संभावना जताई जा रही है. अग्रवाल समाज द्वारा लगातार विभिन्न परिचय सम्मेलनों का आयोजन किया जाता रहा है, जिनके माध्यम से अब तक हजारों सफल वैवाहिक संबंध स्थापित हो चुके हैं. इसी कड़ी में महाराजा अग्रसेन मित्र परिवार, विश्रांतवाडी के तत्वावधान में रविवार, 25 जनवरी को होटल अयोध्या, टिंगरेनगर में इस विशेष सम्मेलन का आयोजन किया गया, जो अत्यंत सफल रहा. इस सम्मेलन की खास बात यह रही कि इसमें विधवा-विधुर, तलाकशुदा, दिव्यांग प्रत्याशी, अल्प शिक्षित युवक-युवतियां तथा 32 से 35 वर्ष से अधिक आयु के प्रत्याशी शामिल हुए. इन विशेष वर्गों के प्रत्याशियों के लिए वैवाहिक संबंध जोड़ने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया था. सम्मेलन में पुणे के साथसाथ महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों से प्रत्याशी उपस्थित रहे. मंच पर उपस्थित होकर युवक-युवतियों ने अत्यंत सहजता से अपना परिचय और आवश्यक जानकारी दी, जिससे विवाह योग्य प्रत्याशियों की संपूर्ण जानकारी अभिभावकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को प्राप्त हुई. सम्मेलन की एक बड़ी उपलब्धि यह रही कि आयोजन के मात्र तीन दिनों के भीतर ही चार वैवाहिक संबंध तय हो गए. इसके अतिरिक्त कार्यक्रम के बाद प्रत्यक्ष और ऑनलाइन माध्यम से बातचीत और चर्चाएं जारी हैं, जिससे आने वाले दिनों में 25 से 30 और संबंध तय होने की संभावना व्यक्त की जा रही है. आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी समाज के कार्यकर्ताओं द्वारा इस तरह के कई सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. वर्तमान में मित्र परिवार के 38 सदस्य नियमित मासिक योगदान दे रहे हैं, जिससे एकत्र राशि का उपयोग विभिन्न सामाजिक परियोजनाओं में किया जाएगा.इस सफल आयोजन के लिए समाज के अनेक परिवारों और कार्यकर्ताओं ने विशेष योगदान दिया.
आगामी कार्यक्रम 14 मार्च- अखिल भारतीय अग्रवाल युवक-युवती परिचय सम्मेलन स्थान-गोयल गार्डन, नौगाधाम रोड, मार्केट यार्ड, पुणे 15 मार्च- निःशुल्क सामूहिक विवाह समारोह हिंदू सनातन धर्म की रीति-रिवाजों के अनुसार 51 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया जाएगा.