श्रीलंका ने टी-20 में किया जीत से आग़ाज़

    10-Feb-2026
Total Views |
 

match 
 
श्रीलंकाई टीम ने अपने स्पिन के जाल में आयरलैंड के बल्लेबाजाें काे आसानी से फंसाकर टी-20 वर्ल्ड कप में जीत से आगाज किया है. वानिंंदु हसरंगा और महीश तीक्ष्णा की स्पिन जाेड़ी ने कुल 6 विकेट लेकर आयरलैंड की बल्लेबाजी क्रम काे तहस नहस कर दिया. श्रीलंका ने काेलंबाे में खेले गए मैच में आयरलैंड काे 20 रन से हराया.श्रीलंका के तेज गेंदबाज जब तक गेंदबाजी कर रहे थे तब तक आयरलैंड के बल्लेबाज रन बना रहे थे लेकिन जैसे ही कप्तान दासुन शनाका ने दाेनाें छाेर से स्पिनर हसरंगा और तीक्ष्णा काे लगाया,उसके बाद रनाें पर अंकुश लगने के साथ साथ उन्हाेंने विकेट भी चटकाए.श्रीलंका की ओर से रखे गए 164 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की टीम 19.5 ओवर में 143 रन पर ढेर हाे गई. आयरलैंड की ओर से हैरी टेक्टर ने सबसे अधिक 40 रन बनाए वहीं राॅस एडायर ने 34 रन बनाए.
 
श्रीलंका की ओर से महीश तीक्ष्णा और वनिंदु हसरंगा ने तीन तीन विकेट चटकाए जबकि दाे विकेट मथीसा पथिराना के खाते में गए.
इससे पहले, कामिंदु मेंडिस के 19 गेंद में 44 रन और कुसल मेंडिस के नाबाद अर्धशतक के दम पर श्रीलंका ने खराब शुरूआत के बाद आयरलैंड के खिलाफ 6 विकेट पर 163 रन बनाए. विकेटकीपर कुसल ने 43 गेंद में पांच चाैकाें की मदद से 56 रन बनाए और पांचवें विकेट के लिये कामिंदु के साथ 67 रन की साझेदारी की. कामिंदु ने अपनी पारी में चार चाैके और दाे छक्के लगाए. एक समय पर श्रीलंका का स्काेर 14वें ओवर में चार विकेट पर 86 रन था.श्रीलंका काे आयरलैंड के खराब क्षेत्ररक्षण का भी फायदा मिला जिसने कुछ कैच टपकाए. पहले गेंदबाजी चुनने का आयरलैंड का फैसला सही साबित हाेता दिखने लगा जब श्रीलंका पहले चार ओवर में 28 रन ही बना सका और कामिल मिशारा (14) का विकेट भी गंवा दिया.
 
मिशारा काे एक जीवनदान भी मिला जिसका वह फायदा नहीं उठा सके और मार्क एडेयर की धीमी गेंद पर मिडआफ में कैच दे बैठे.सलामी बल्लेबाज पाथुम निसांका ने 23 गेंद में 24 रन बनाए. उन्हाेंने बायें हाथ के स्पिनर मैथ्यू हम्फ्रे काे डीप स्क्वेयर लेग पर छक्का लगाया ताे ऐसा लग रहा था कि वह बड़ी पारी खेलेंगे. कुसल मेंडिस ने बैरी मैकार्थी काे छठे ओवर में तीन चाैके लगाकर श्रीलंका काे पावरप्ले के बाद एक विकेट पर 50 रन तक पहुंचाया. इसके बाद आयरलैंड के कप्तान पाॅल स्टर्लिंग ने बायें हाथ के स्पिनर जाॅर्ज डाॅकरेल काे गेंद साैंपी जिन्हाेंने पहले ओवर में चार ही रन दिए. डाॅकरेल ने धीमी गेंद पर निसांका काे ललचाया जाे कवर में स्टर्लिग काे कैच दे बैठे.