प. रेलवे के 10 कर्मियों को महाप्रबंधक संरक्षा पुरस्कार

    11-Feb-2026
Total Views |
 
ngnh
मुंबई, 10 फरवरी (वि.प्र.)

पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक (प्रभारी) प्रदीप कुमार द्वारा 09 फरवरी, 2026 को पश्चिम रेलवे मुख्यालय, मुंबई में आयोजित एक समारोह में दिसंबर 2025 के लिए 10 कर्मचारियों को महाप्रबंधक का मैन ऑफ द मंथ सेफ्टी अवॉर्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया. इन कर्मचारियों को उनकी असाधारण सतर्कता, कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण के लिए सम्मानित किया गया, जिससे संभावित अप्रिय घटनाओं को रोकने तथा सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई. सम्मानित कर्मचारियों में अहमदाबाद मंडल से पाँच, वडोदरा एवं भावनगर मंडल से दो-दो तथा मुंबई सेंट्रल मंडल से एक कर्मचारी शामिल थे. पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मुंबई सेंट्रल मंडल में फिटर के पद पर कार्यरत शिवलाल को उनकी असाधारण सतर्कता एवं संरक्षा के प्रति समर्पण के लिए महाप्रबंधक का सेफ्टी अवॉर्ड प्रदान किया गया. दिसंबर 2025 के दौरान, बांद्रा शेड में एक लोकोमोटिव के नियमित निरीक्षण के समय उन्होंने पहिए में एक दोष का पता लगाया और तुरंत इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी. समय पर की गई उनकी इस कार्रवाई से त्वरित सुधारात्मक कदम उठाए गए तथा असुरक्षित ट्रेन परिचालन एवं मार्ग में होने वाली संभावित अप्रिय घटना को सफलतापूर्वक टाल दिया गया. अहमदाबाद, वडोदरा एवं भावनगर मंडलों से सम्मानित कर्मचारियों को भी उनकी असाधारण सूझबूझ, सूक्ष्म निरीक्षण क्षमता तथा त्वरित कार्रवाई के लिए सम्मानित किया गया. इन कर्मचारियों ने रेल फ्रैक्चर, ट्रैक पर अवरोध, ब्रेक के अधिक गर्म होने, वैगन में दोष तथा उपकरणों में असामान्यताओं जैसी गंभीर संरक्षा संबंधी कमियों का समय रहते पता लगाया. इन सभी के सामूहिक प्रयासों से पश्चिम रेलवे में उच्च स्तर की संरक्षा बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान मिला. पश्चिम रेलवे सभी सम्मानित कर्मचारियों की उनके कर्तव्य के प्रति अनुकरणीय समर्पण एवं सुदृढ़ सुरक्षा चेतना की सराहना करती है. इनके कार्यों से न केवल संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सका, बल्कि सुरक्षित एवं वेिशसनीय रेल परिचालन के प्रति पश्चिम रेलवे की अटूट प्रतिबद्धता को भी सुदृढ़ किया गया. साथ ही, ये सभी कर्मचारी अन्य रेलकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत बने हैं.