पुणे मनपा (पीएमसी) के कर निर्धारण एवं संग्रहण विभाग (टै्नस विभाग) में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक व्यक्ति ने अत्यधिक टैक्स लगाए जाने का आराेप लगाते हुए अपनी रिवाॅल्वर निकाल ली और उपस्थिताें काे आत्महत्या की धमकी दी. इस मामले में शिवाजीनगर पुलिस ने आराेपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और डराने-धमकाने का मामला दर्ज किया है.
आराेपी की पहचान महेंद्र नरसिंह लाेणकर (निवासी काेंढवा खुर्द) के रूप में हुई है. इस संबंध में मनपा के कर विभाग के कर्मचारी गणेश दिलीप ठाेंबरे (उम्र- 37 वर्ष, निवासी कात्रज) ने शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है.यह घटना शुक्रवार दाेपहर सवा तीन बजे मनपा भवन की दूसरी मंजिल पर स्थित कर निर्धारण विभाग में हुई.पुलिस के अनुसार, मनपा ने संपत्ति कर के बकायेदाराें के लिए ‘अभय याेजना’ घाेषित की है, जिसकी समय-सीमा पहले 15 फरवरी तक थी (जिसे बाद में बढ़ाकर 15 मार्च कर दिया गया).
महेंद्र लाेणकर इसी याेजना के तहत अपने प्राॅपर्टी टैक्स पर चर्चा करने कार्यालय आए थे. जब कर्मचारियाें ने उन्हें उनके बकाये कीजानकारी दी, ताे वे टैक्स की राशि काे बहुत अधिक बताकर भड़क गए. आराेपी ने पहले शाेर मचाना शुरू किया और धमकी दी कि वह इमारत से कूदकर अपनी जान दे देगा. इसके बाद उसने चिल्लाते हुए कहा, मेरे पास लाइसेंस वाली रिवाॅल्वर है और अपनी पैंट की जेब से निकालकर अपने सिर पर तान ली. उसने सबके सामने चिल्लाकर कहा कि वह अभी आत्महत्या कर लेगा, जिससे कार्यालय में अफरातफरी मच गई.पुणे मनपा के सुरक्षा विभाग के कर्मचारियाें और अन्य लाेगाें ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे समझा-बुझाकर शांत किया, जिसके बाद वह वहां से चला गया.घटना की गंभीरता काे देखते हुए देर रात शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया. इस मामले की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक वलसे कर रहे हैं.