आकुर्डी व हिंजवडी पीएफ कार्यालय में क्रिकेट स्पर्धा संपन्न

    17-Feb-2026
Total Views |
 nfmnh
आकुर्डी, 16 फरवरी (आ.प्र.)

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के क्षेत्रीय कार्यालय, आकुर्डी एवं क्षेत्रीय कार्यालय, हिंजवडी द्वारा 15 फरवरी को एक संयुक्त खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. उक्त खेल प्रतियोगिता के अंतर्गत क्रिकेट मैच का आयोजन संजय काले खेल संकुल, आकुर्डी प्राधिकरण में संपन्न हुआ. क्षेत्रीय कार्यालय,आकुर्डी की ओर से क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त (द्वितीय) मनोज माने तथा हिंजवडी कार्यालय की ओर से सहायक आयुक्त अश्वनी कुमार सिंह उपस्थित रहे एवं स्वयं भी क्रिकेट खेल का आनंद लिया. यह प्रतियोगिता कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के खेल प्रोत्साहन बोर्ड के दिशा-निर्दे शों के आधार पर आयोजित की गई. क्रिकेट मैच में आकुर्डी कार्यालय की टीम के कप्तान प्रसन्नजीत तथा हिंजवडी कार्यालय की टीम के कप्तान शरद नागडे रहे. कुल 10 ओवर के इस मैच में सर्वप्रथम बल्लेबाजी करते हुए क्षेत्रीय कार्यालय, हिंजेवाडी ने 81 रन बनाए. प्रतियोगिता में कुल तीन मैच खेले गए. फाइनल मैच में क्षेत्रीय कार्यालय, आकुर्डी ने 6 विकेट के नुकसान पर 7 ओवर में 82 रन बनाकर विजय प्राप्त की. इस प्रतियोगिता में सूरज मुंडे को मैन ऑफ द सीरीज तथा हरीश जाधव को मैन ऑफ द मैच चुना गया. गिरीश झा सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहे. मैच के अंपायर निहार रंजन नायक एवं महेश देशपांडे तथा मैच रेफरी कुमार अमित रहे. इस अवसर पर आयोजन समिति की ओर से तापस कुमार बल, दिनेश शेलार,आलोक कुमार,मनोज असरानी, पुष्पल तिवारी, पंकज नेमा, राजू रायकर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे. आकुर्डी के क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त सनत कुमार ने कहा कि इस प्रकार की खेल गतिविधियां कर्मचारियों के बीच एकता, समन्वय एवं पारस्परिक समझ को बढ़ावा देती हैं, जिससे संगठनात्मक दक्षता तथा जनसेवा वितरण की गुणवत्ता में वृद्धि होती है. हिंजवडी के क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त बिजयंत कुमार ने कहा कि खेल गतिविधियां एकता को सुदृढ़ करने एवं सकारात्मक कार्य वातावरण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं. इस अवसर पर क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त (द्वितीय) सचिन बोराटे ने भी सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी.