महािशवरात्रि पर कुलालेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी

पद्मभूषण डॉ. बाबासाहेब कल्याणी ने सपत्नीक शिवलिंग के दर्शन किया

    17-Feb-2026
Total Views |
mgt,j
केशवनगर (मुंढवा), 16 फरवरी (आ.प्र.)

 महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर केशवनगर में नदी किनारे स्थित शिवशंकर प्रतिष्ठान के कुलालेश्वर मंदिर में रविवार को दिन भर श्रद्धालुओं की कतार लगी थी. अभिषेक, प्रसाद वितरण की वजह से समूचा माहौल भक्तिमय हो गया था. दिन भर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और दर्शन कर लौटते रहे. एशिया की सबसे बड़ी फोर्जिंग कंपनी के चेयरमैन पद्मभूषण डॉ. बाबासाहेब कल्याणी और उनकी धर्मपत्नी सुनीता कल्याणी के हाथों से शाम साढ़े 6 बजे शंभू महादेव का अभिषेक कर महाआरती की गई. इसके बाद शिवशंकर प्रतिष्ठान के अध्यक्ष एवं कुलालेश्वर देवस्थान के प्रमुख संजय दुबे व राजेंद्र दुबे ने गणमान्यों को सम्मानित किया. इस समय विक्रम सेठ लोणकर, देवेंद्र भाट, महादेव दंदी, जितिन कांबले, संदीप लोणकर उपस्थित थे. प्रतिष्ठान की ओर से इस कार्यक्रम को सफल बनाने संदेश दुबे, दिनेश दुबे, अनिकेत दुबे, राजेश दुबे, कल्याण देशमुख, चंद्रकांत मोरे, संकेत दुबे ने विशेष सहयोग दिया, वहीं अशोक येवले ने कार्यक्रम का संचालन किया. बताया गया कि इस मंदिर की स्थापना यहां के शिवभक्त श्रीनाथ दुबे ने वर्ष 1974 में की. इसके बाद वर्ष 1999 में प्राण-प्रतिष्ठा की गई. साथ ही वर्ष 2007 में शारदा पीठ के शंकराचार्य के करकमलों से कलश का रोहण किया गया. यह जानकारी शिवशंकर प्रतिष्ठान के अध्यक्ष संजय दुबे ने दी. गौरतलब है कि इस अवसर पर पद्मभूषण डॉ. बाबासाहेब कल्याणी ने प्रतिष्ठान के अध्यक्ष एवं देवस्थान के प्रमुख संजय दुबे को आश्वस्त किया कि वे प्रतिवर्ष महाशिवरात्रि के दिन मंदिर में अभिषेक और महाआरती के लिए उपस्थित रहेंगे.