पुणे, 16 फरवरी (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)
हिंद-दी-चादर कार्यक्रम की पृष्ठभूमि में कैंप स्थित गुरुद्वारा गुरुनानक दरबार की ओर से स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर नागरिकों की स्वास्थ्य जांच की गई. यह जानकारी गुरुनानक मेडिकल फाउंडेशन के सदस्य सचिव सुरेंद्रसिंह धुप्पर ने दी. उन्होंने बताया कि श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी समागम शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में साहिबजी के बलिदान की जानकारी भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘हिंद-दी- चादर' कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है. साहिब जी के त्याग, शौर्य और मानवता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण है. गुरुनानक मेडिकल फाउंडेशन की ओर से महिलाओं में गर्भाशय कैंसर की जांच के लिए सर्वाइकल कैंसर शिविर, नेत्र जांच शिविर, पुलिस कर्मियों की स्वास्थ्य जांच तथा निजी दुकानों में कार्यरत कर्मचारियों की निःशुल्क जांच की गई. इस शिविर का लाभ हजार से अधिक नागरिकों ने उठाया, ऐसी जानकारी श्री धुप्पर ने दी.