जिम्बाब्वे ने टी-20 वर्ल्ड कप में एक बार फिर बड़ा उलटफेर किया है. इस टीम ने ग्रुप स्टेज में ऑस्ट्रेलिया काे हराने के बाद श्रीलंका काे भी धूल चटा दी है. गुरुवार काे आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मैच में जिम्बाब्वे ने श्रीलंका के विरुद्ध 6 विकेट से जीत दर्ज की. इस टीम ने ग्रुप स्टेज में 4 में से 3 मैच जीते, जबकि एक बार बारिश के चलते बेनतीजा रहा. जिम्बाब्वे ने ओमान के विरुद्ध अपना पहला मैच 8 विकेट से जीता था, जिसके बाद ऑस्ट्रेलिया काे 23 रनाें से हराकर बड़ा उलटफेर किया. इसके बाद जिम्बाब्वे-आयरलैंड के बीच मुकाबला बारिश के चलते बेनतीजा रहा था.जिम्बाब्वे की टीम सुपर-8 में भारत, वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका के साथ ग्रुप-1 में है, जबकि श्रीलंकाई टीम न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और पाकिस्तान के साथ ग्रुप-2 में है. गुरुवार काे टाॅस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम ने 7वकेट खाेकर 178 रन बनाए. मेजबान टीम काे कुसल परेरा और पथुम निसांका की सलामी जाेड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई.
दाेनाें खिलाड़ियाें ने 5 ओवराें में 54 रनाें की साझेदारी की.कुसल 14 गेंदाें में 22 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद निसांका ने कुसल मेंडिस के साथ 43 गेंदाें में 46 रन जुटाते हुए श्रीलंका काे 100 के स्काेर तक पहुंचाया.मेंडिस ने टीम के खाते में 14 रनाें का याेगदान दिया, जबकि निसांका ने 41 गेंदाें में 8 चाैकाें के साथ 62 रन टीम के खाते में जाेड़े. इनके अलावा, पवन रत्नायके ने 25 गेंदाें में 5 बाउंड्री के साथ 44 रनाें की पारी खेली. विपक्षी खेमे से ब्लेसिंग मुजारबानी, ब्रैड इवांस और ग्रीम क्रेमर ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि एक विकेट रयान बर्ल के हाथ लगा.इसके जवाब में जिम्बाब्वे ने 19.3 ओवराें में जीत दर्ज कर ली. इस टीम काे ब्रायन बेनेट और तदिवानाशे मारुमानी की सलामी जाेड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई.
दाेनाें खिलाड़ियाें के बीच 8.3 ओवराें में 69 रन की साझेदारी हुई.मारुमानी 26 गेंदाें में 1 छक्के और 5 चाैकाें के साथ 34 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद बेनेट ने रयान बर्ल के साथ दूसरे विकेट के लिए 29 रन जुटाते हुए टीम काे 98 के स्काेर तक पहुंचाया.
बर्ल 12 गेंदाें में 3 बाउंड्री के साथ 23 रन की पारी खेलकर पवेलियन लाैटे.यहां से बेनेट ने कप्तान सिकंदर रजा के साथ 40 गेंदाें में 69 रन जुटाते हुए टीम काे जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया.सिकंदर रजा 26 गेंदाें में 4 छक्काें और 2 चाैकाें के साथ 45 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद बेनेट ने 48 गेंदाें में 8 चाैकाें के साथ 63 रनाें की नाबाद पारी खेलते हुए टीम काे शानदार जीत दिलाई.मेजबान खेमे की तरफ से दुशन हेमंथा ने सर्वाधिक 2 विकेट निकाले, जबकि दासुन शनाका और डुनिथ वेललेज ने 1-1 विकेट हासिल किया.