डेक्कन, 22 फरवरी
(आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)
राष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट फाॅर द विजुअली इम्पेयर्ड (दृष्टिबाधित) स्पर्धा में गुजरात की टीम ने खिताबी जीत हासिल की है. संजाेय दरवडा (49 रन) और गणेश भुसारा (44 रन) की शानदार बल्लेबाजी के साथ-साथ माजी भरत (24 रन और 1-30) के हरफनमाैला खेल के दम पर गुजरात ने यह सफलता प्राप्त की. यह प्रतियाेगिता द पूना ब्लाइंड मेन्स एसाेसिएशन और ब्लाइंड क्रिकेट एसाेसिएशन द्वारा एचसीएल फाउंडेशन के सहयाेग से पुणे में आयाेजित की गई थी.
डेक्कन जिमखाना मैदान पर खेले गए इस फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात की टीम ने निर्धारित 20 ओवराें में 6 विकेट खाेकर 198 रनाें का चुनाैतीपूर्ण लक्ष्य खड़ा किया. लक्ष्य का पीछा करते हुए कर्नाटक की टीम 20 ओवराें में 5 विकेट के नुकसान पर केवल 178 रन ही बना सकी. गुजरात ने कर्नाटक काे 20 रनाें से पराजित कर विजेता ट्राॅफी और नकद पुरस्कार अपने नाम किया.
पुरस्कार वितरण समाराेह में खेल जगत और समाज सेवा से जुड़ी कई गणमान्य हस्तियां उपस्थित थीं, जिनमें सत्यजीत बडे (आयुक्त, दिव्यांग कल्याण विभाग), राजेश शाह (अध्यक्ष, पीबीएम), परवेज़ बिलीमाेरिया (कार्यकारी निदेशक, एच.वी. देसाई आई हाॅस्पिटल, रवि वाघ, मिलिंद गुंजाल (पूर्व रणजी खिलाड़ी), सिमी सूरी (सहयाेगी निदेशक, एचसीएल फाउंडेशन एचसीएल), जनक लालन (निदेशक, क्लाइंट डिलीवरी, एचसीएल टेक) शामिल थे.