उत्तर भारत का माैसम फिर बदल गया है. जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकाें में रविवार शाम से देर रात तक बर्फबारी और बारिश हुई है. माैसम विभाग के मुताबिक लगातार दाे वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से 3 फरवरी तक हिमालयी राज्याें जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी हाेगी. मैदान राज्याें दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश हाेने की संभावना है. साेमवार सुबह 7 बजे तक आगरा, सरसवा, बरेली, हिंडन और बठिंडा में घने काेहरे के कारण विजिबिलिटी जीराे रही. IMD ने यूपी, दिल्ली और आंध्र प्रदेश के समुद्र किनारे बसे जिलाें में अगले 3 घंटे घने काेहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. 5 से 7 फरवरी के दाैरान तीसरा वेस्टर्न डिस्टरबेंस पश्चिमी हिमालयी राज्याें में फिर से माैसम बदलेगा.
पश्चिमी विक्षाेभ यानी वेस्टर्न डिस्टरबेंस भूमध्यसागर से आने वाली हवाओं का सिस्टम है, जाे सर्दियाें के दाैरान उत्तर भारत में बारिश और पहाड़ी इलाकाें में बर्फबारी कराता है.साेमवार सुबह जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में पारा माइनस 8.0, लद्दाख के द्रास में माइनस 15.1 और हिमाचल के काल्पा में माइनस 3.8 डिग्री रहा. हरियाणा और पंजाब में भी न्यूनतम तापमान बढ़ा है और अधिकांश जगहाें पर पारा सामान्य स्तर से ऊपर रहा.हरियाणा के अंबाला में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री और हिसार में 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि भिवानी और नारनाैल में तापमान 6 से 6.5 डिग्री के बीच रहा. पंजाब के अमृतसर और गुरदासपुर में ठंड कुछ ज्यादा रही, जहां तापमान 6 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया.इसके अलावा लुधियाना में 7.6 डिग्री और पटियाला में 10.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा. दिल्ली में फरवरी की शुरुआत पिछले साल के मुकाबले ठंडी रही.