पालकी शोभायात्रा के साथ महालक्ष्मी मंदिर का ब्रह्मोत्सव संपन्न

04 Feb 2026 14:58:55
 
bfdbf
 
सारसबाग, 3 फरवरी (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

माता माता की जय... और गोविंद बोलो हरि गोपाल बोलो... के जयघोष से सारसबाग स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर का प्रांगण गूंज उठा. श्री महालक्ष्मी, श्री महासरस्वती और श्री महाकाली देवी की उत्सव मूर्तियों की मंदिर परिसर में भव्य पालकी शोभायात्रा निकाली गई. ब्रह्मोत्सव के उपलक्ष्य में इस पालकी समारोह का विशेष आयोजन किया गया था. पालकी यात्रा के पश्चात मंदिर में पुष्प उत्सव यानी फूलों की होली का अनूठा कार्यक्रम भी बड़े उत्साह के साथ संपन्न हुआ. श्री बंसीलाल रामनाथ अग्रवाल धार्मिक एवं सांस्कृतिक ट्रस्ट, श्री महालक्ष्मी मंदिर (सारसबाग) के 42वें स्थापना दिवस के अवसर पर मंदिर में ब्रह्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इस दौरान मंदिर में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान किए गए, जिनका समापन पालकी शोभायात्रा के साथ हुआ. इस अवसर पर ट्रस्ट के मुख्य संस्थापक न्यासी राजकुमार अग्रवाल, मुख्य न्यासी अमिता अग्रवाल, न्यासी एड. प्रताप परदेशी, हेमंत अर्नालकर, प्रवीण चोरबेले, नारायण काबरा, भरत अग्रवाल, रमेश पाटोदिया, तृप्ति अग्रवाल, राजेश सांकला सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे. राजस्थान (डिडवाना) के अनंत श्री विभूषित जगद्गुरु रामानुजाचार्य झालरिया पीठधिपति पूज्य श्री श्री 1008 स्वामीजी घनश्यामाचार्य जी महाराज के मार्गदर्शन में उत्सव के दौरान गरुड़ स्थापना और यज्ञ जैसे धार्मिक कार्यक्रमों के साथसाथ विभिन्न सामाजिक गतिविधियां भी आयोजित की गईं. अमिता अग्रवाल ने बताया कि पालकी समारोह में महिलाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया और कई पारंपरिक खेल भी प्रस्तुत किए. इसके अतिरिक्त, ब्रह्मोत्सव में उत्सव मूर्तियों का ‌‘धान्यतुला' (अनाज से तौलना) किया गया और वह अनाज जरूरतमंदों को वितरित किया गया. देवी को सोने-चांदी के पुष्प अर्पित कर वेिश की सुख, शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की गई. धार्मिक अनुष्ठानों के तहत मंदिर में होम-हवन और महाअभिषेक जैसे कार्यक्रम भी संपन्न हुए.  
Powered By Sangraha 9.0