पुणे की सई समीर सुकाले ने जिद, अनुशासन और निरंतर मेहनत के दम पर भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद प्राप्त कर शहर का नाम राेशन किया है.चेन्नई स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी में कठाेर और अनुशासित प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्हाेंने भारतीय सेना में वर्ग-एक अधिकारी के रूप में प्रवेश किया.बचपन से ही सई का सपना सेना में अधिकारी बनने का था. उन्हाेंने प्रतियाेगी परीक्षा, शारीरिक परीक्षण और साक्षात्कार प्रक्रिया में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया. इसके बाद उन्हें ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी में प्रवेश मिला, जहां उन्हाेंने एक वर्ष का कठाेर प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर लेफ्टिनेंट पद प्राप्त किया.प्रशिक्षण के दाैरान सई ने केवल अनुशासन और नेतृत्व क्षमता ही नहीं दिखाई, बल्कि खेल के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी अलग पहचान बनाई. विभिन्न प्रतियाेगिताओं में उन्हाेंने दाे स्वर्ण, दाे रजत और दाे कांस्य पदक जीते. उन्हें मिस ओटीए का प्रतिष्ठित खिताब भी प्रदान किया गया.सई ने कहा कि मेरे इस सफलता के पीछे मेरे माता-पिता के संस्कार और उनका अटूट विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है. उन्हाेंने हमेशा मेरे सपनाें का समर्थन किया, इसलिए देश सेवा का सपना पूरा हाे सका.