मैट्रिमाेनियल वेबसाइट पर फर्जी प्राेफाइल बनाकर एक महिला से लाखाें रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है. आराेपी ने खुद काे इसराे का वैज्ञानिक बताकर महिला का विश्वास जीता और शादी का झांसा देकर उनसे कुल 42 लाख 64 हजार 32 रुपये एेंठ लिए. हालांकि, साइबर पाेर्टल पर शिकायत के बाद महिला काे कुछ रकम वापस मिल गई, लेकिन अब भी 27 लाख रुपयाें की धाेखाधड़ी हुई है. यह घटना ताथवड़े इलाके में 27 नवंबर 2024 से 30 जनवरी 2025 के बीच घटित हुई. पुलिस ने इस मामले में आदर्श प्रशांत म्हात्रे उर्फ जयेश पाटिल (उम्र- 36 वर्ष, निवासी अलीबाग, रायगढ़) के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
ताथवड़े की ‘सिल्वर ट्विन डेक्स साेसायटी’ में रहने वाली पीड़ित महिला ने शनिवार (28 फरवरी) काे वाकड़ पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई.पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, आराेपी ने मेट्राेमाेनियल साइट पर फर्जी नाम से अपनी प्राेफाइल बनाई थी. इसके बाद आराेपी ने महिला से संपर्क साधा और दावा किया कि वह इसराे में एक वैज्ञानिक के पद पर कार्यरत है. महिला काे शादी के जाल में फंसाकर आराेपी ने अलग-अलग कारणाें का हवाला देते हुए धीरे-धीरे उनसे 42 लाख रुपये से अधिक की रकम ली. ठगी का एहसास हाेने पर महिला ने तुरंत साइबर क्राइम पाेर्टल पर शिकायत दर्ज कराई. तकनीकी हस्तक्षेप के कारण आराेपी द्वारा लिए गए पैसाें में से 16 लाख 64 हजार 32 रुपये फ्रीज हाेकर महिला काे वापस मिल गए.