राजस्थान राॅयल्स ने लगातार तीसरा मैच जीता

    09-Apr-2026
Total Views |
 
 

IPL 
गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में मंगलवार रात बारिश रुकी, लेकिन इसके बाद राजस्थान राॅयल्स के बल्लेबाजाें की रन वर्षा ने मुंबई इंडियंस के गेंदबाजाें काे तरबतर कर दिया.बारिश के कारण करीब ढाई घंटे की देरी से शुरू हुए इस मुकाबले में यशस्वी जायसवाल (77*) और 15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी (39) ने बेखाैफ खेलते हुए जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बाेल्ट जैसे गेंदबाजाें से सजी 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के गेंदबाजी आक्रमण का ऐसा मानमर्दन किया कि मानाे वाे काेई नाैसिखिए हाें. वैभव और यशस्वी ने तीन ओवर में ही 58 रन कूटकर मुंबई की गेंदबाजी काे तहस-नहस कर दिया. दाेनाें ने महज पांच ओवर में 80 रन की विस्फाेटक साझेदारी की, जिसमें दाेनाें ने मिलकर नाै छक्के जड़े. इतनी प्रचंड शुरुआत के दम पर राजस्थान ने 11 ओवर में 150 रन का स्काेर खड़ा किया, जवाब में मुंबई इंडियंस नाै विकेट पर 123 रन ही बना सकी और राजस्थान ने 27 रन से मुकाबला अपने नाम किया.
 
राजस्थान की यह लगातार तीसरी जीत है, जबकि मुंबई की लगातार दूसरी हार है. दाेपहर से हाे रही वर्षा रुकने के बाद रात करीब 9.55 बजे टास हुआ और मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टास जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय किया.यशस्वी और वैभव की आरंभिक जाेड़ी ने पहली गेंद से ही प्रहार शुरू किया. यशस्वी ने दीपक चाहर के पहले ही ओवर में चार चाैके और एक छक्का जड़ते हुए 22 रन कूटे ताे वैभव ने अगला ओवर फेंकने आए जसप्रीत बुमराह का वाइड लांगआन पर छक्के से स्वागत किया.15 साल के वैभव के इस शाट पर बुमराह भी मुस्कुराते नजर आए. सामने बुमराह जैसा गेंदबाज हाे ताे काेई भी बल्लेबाज दबाव में आ जाता है, लेकिन वैभव ने दाे गेंद बाद बुमराह काे फिर डीप स्क्वेयर लेग के ऊपर से एक और छक्का जड़ा.
 
हार्दिक ने तीसरा ओवर में ट्रेंट बाेल्ट काे थमाया, लेकिन यशस्वी और वैभव ने तीन छक्के जड़ते हुए बाेल्ट का सारा करंट निकाल दिया. वैभव-यशस्वी की तूफानी बल्लेबाजी से तीन ओवर में ही 58 रन बाेर्ड पर लग गए थे, जाे आईपीएल इतिहास का तीन ओवर में तीसरा सर्वाेच्च स्काेर है.हार्दिक ने चाैथे ओवर में केवल 4 रन दिए, लेकिन छाेटे से विराम के बाद एक बार फिर वैभव ने फिर आतिशबाजी शुरू की और शार्दुल की पहली ही गेंद पर छक्का लगाया, उसके बाद चाैका.हालांकि शार्दुल ने इस साझेदारी काे ताेड़ा और अंतिम गेंद पर वैभव काे आउट किया. तिलक वर्मा ने डीप एक्सट्रा कवर पर शानदार कैच लपका, लेकिन तब तक यह बिहारी बाबू अपना काम कर चुका था.वैभव ने 19 गेंदाें में पांच छक्के और एक चाैका जड़ा.वैभव के आउट हाेने के बाद यशस्वी ने माेर्चा संभाला और एक छाेर काे थामे रखा. ध्रुव जुरैल ने जल्द विकेट गंवाया, लेकिन यशस्वी ने दूसरे छाेर से रन वर्षा जारी रखी और केवल 23 गेंद में पाइंट की दिशा में शानदार कट शाट के साथ लगातार दूसरा अर्धशतक लगाया.