शहर में कैंसर मरीजाें की बढ़ती संख्या काे ध्यान में रखते हुए पुणे मनपा और आपुलकी मेडिकल केयर सेंटर के संयुक्त प्रयास से तैयार किए गए 150 बेड के भव्य कैंसर अस्पताल का लाेकार्पण आज रविवार, 17 मई 2026 काे किया जाएगा. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस इस केंद्र का उद्घाटन करेंगे. विशेष बात यह है कि सार्वजनिक-निजी भागीदारी माॅडल पर आधारित यह देश की किसी भी मनपा का पहला कैंसर और कार्डियक अस्पताल हाेगा. यह जानकारी पुणे महानगरपालिका की स्थायी समिति अध्यक्ष श्रीनाथ भिमाले ने दी. इस अवसर पर मनपा की स्वास्थ्य प्रमुख डाॅ. नीना बाेऱ्हाडे, नगरसेविका मयूरी काेकाटे तथा सहायक स्वास्थ्य प्रमुख डाॅ. संजीव वावरे उपस्थित थे.45 विशेषज्ञ डाॅक्टराें की टीम अस्पताल के बारे में जानकारी देते हुए डाॅ. प्रीतेश मुनाेत ने बताया कि कैंसर मरीजाें काे जांच के लिए कई स्थानाें पर भटकना पड़ता है और उन्हें काफी परेशानियाें का सामना करना पड़ता है. इन सभी कठिनाइयाें काे कम करने के लिए एक ही छत के नीचे सभी जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई है. इस केंद्र में 40 से 45 विशेषज्ञ डाॅक्टर और लगभग 400 कर्मचारियाें का स्टाफ 24 घंटे कार्यरत रहेगा.