बेस्ट कर्मियाें द्वारा 18 जून से हड़ताल की चेतावनी

    08-Jun-2026
Total Views |
 
 
 

BEST 
मुंबई की लाइफलाइन मानी जाने वाली बेस्ट बसाें के पहिए जल्द ही थम सकते हैं.बेस्ट उपक्रम की लगातार बिगड़ती वित्तीय स्थिति और रिटायर्ड कर्मचारियाें के प्रलंबित बकाये काे लेकर 12 श्रमिक संगठनाें ने एक साथ आकर प्रशासन के खिलाफ माेर्चा खाेल दिया है. कर्मचारी यूनियनाें की ‘कृति समिति’ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगाें पर काेई ठाेस निर्णय नहीं लिया गया, ताे 18 जून से बेमुदत हड़ताल शुरू कर दी जाएगी. इस आंदाेलन की दिशा तय करने के लिए साेमवार, 8 जून काे वर्तमान और पूर्व (सेवानिवृत्त) कर्मचारियाें का एक मेल-मिलाप (मेलावा) आयाेजित किया गया है.
 
कर्मचारी यूनियनाें की मांग है कि, न्यायालय (काेर्ट) के आदेश के बावजूद सेवानिवृत्त कर्मचारियाें की वित्तीय देनदारियां और ग्रेच्युटी का भुगतान अभी तक नहीं किया गया है. पुराने कर्मचारियाें का बकाया तुरंत दिया जाए और नए सेवानिवृत्त हाेने वाले कर्मचारियाें काे एक महीने के भीतर उनके पैसे मिल जाने चाहिए. बेस्ट के बजट काे पूरी तरह से मुंबई मनपा के मुख्य बजट में विलीन किया जाए ताकि बेस्ट की वित्तीय स्थिति सुधर सके. साथ ही पिछले कुछ वर्षाें में बेस्ट की हालत लगातार खराब हुई है और उसका संचित घाटा बढ़ता जा रहा है, इसकाे राेकने के लिए ठाेस कदम उठाए जाएं.