जांच का ढाेंग नहीं चाहिए; हादसे से संबंधित जारी करने के दिए आदेश अधिकारियाें पर कार्रवाई करें : सुषमा अंधारे

    13-Jul-2026
Total Views |
 
Moshi
 
मनपा के माेशी स्थित कचरा डिपाे में बुधवार (8 जुलाई) की दाेपहर कचरे का पहाड़ गिरने से वहां की अवैध बिल्डिंग के नीचे दबकर 9 श्रमिकाें की दुर्भाग्यपूर्ण माैत हाे गई. इस घटना के लिए मनपा के अधिकारियाें और ‘वेस्ट टू एनर्जी’ प्राेजेक्ट चलाने वाली ‘एंटाेनी लारा’ कंपनी पर गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जाना चाहिए. मृतक व्यक्तियाें के परिवाराें काे सक्षम सहायता दी जानी चाहिए. ऐसा न हाेने पर हम हाईकाेर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे और जरूरत पड़ने पर सड़काें पर उतरकर तीव्र आंदाेलन करेंगे, यह चेतावनी शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पार्टी की उपनेता सुषमा अंधारे ने दी है.
 
चिंचवड़ में रविवार (12 जुलाई) काे पत्रकाराें से बातचीत करते हुए सुषमा अंधारे बाेल रही थीं. इस समय शिवसेना शहर प्रमुख चेतन पवार और शिवसेना के प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित थे. इससे पहले सुषमा अंधारे ने इस घटना में मारे गए श्रमिकाें के पीड़ित परिवाराें से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और घायल श्रमिकाें से मिलकर उनका हालचाल जाना. माेशी में हुई घटना प्राकृतिक नहीं बल्कि मानव निर्मित है. इस पूरे मामले में मनपा आयुक्त से यह उम्मीद थी कि वे आधिकारिक ताैर पर पत्रकार-वार्ता करते या काेई बयान जारी कर लाेगाें काे जानकारी देते कि घटनास्थल पर कुल कितने लाेग थे, उनमें से कितने लाेगाें काे सुरक्षित बाहर निकाला गया, कितने घायल हैं, कितने लाेगाें की माैत हुई और इस बिल्डिंग की वास्तविक स्थिति क्या थी. लेकिन इनमें से काेई भी जानकारी लाेगाें काे नहीं दी गई. इस पूरे मामले से मनपा आयुक्त ने पल्ला झाड़ लिया और प्राेजेक्ट ऑफिसर संजय कुलकर्णी ने इस पर बात करने से चालाकी से परहेज किया. माेशी की इस बिल्डिंग के केवल ग्राउंड फ्लाेर का कंप्लीशन सर्टिफिकेट लिया गया था, जबकि दाे मंजिलाें का निर्माण बिना अनुमति (गैरकानूनी) के किया गया था. उस बिल्डिंग का निर्माण बेहद घटिया स्तर का था, जाे कुछ ही महीनाें में ढह गया. 5 जून काे पर्यावरण दिवस के दिन इस कंपनी की ‘चिमनी’ गिर गई थी. पास में ही खदान का काम चलते समय ब्लास्ट के कारण कचरा डिपाे के ढहने की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता था, यह जानते हुए भी यहां एक प्राेटेक्टिव वाॅल बनाई जानी चाहिए थी. साथ ही, यहां जहरीली मीथेन गैस बन सकती है, ताे क्या इस पर काेई उपाय किया गया है? आयुक्त और संजय कुलकर्णी के पास इसका काेई जवाब नहीं है.