निगड़ी, 11 अगस्त (आज का आनंद न्यू नेटवर्क)
निगड़ी के सेक्टर 24 में सावन महीने के दूसरे साेमवार की पावन तिथि पर सखी सहेली मंडल एवं सहयाेगी संस्था ‘अपना वैश्य समाज, पुणे’ के संयुक्त तत्वावधान में भव्य कांवड़ यात्रा का आयाेजन अत्यंत भक्तिभाव, आस्था और उत्साहपूर्ण वातावरण में धूमधाम से संपन्न हुआ. इस कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में पुरुष एवं महिला श्रद्धालुओं ने कांवड़ लेकर भाग लिया. यात्रा का विधिवत शुभारंभ निगड़ी स्थित केदारेश्वर मंदिर में भगवान महादेव की पूजा-अर्चना के साथ हुआ. पंडित सत्यनारायण शर्मा ने वैदिक मंत्राेच्चार के बीच पूजन-अनुष्ठान संपन्न कराया.
इसके पश्चात सभी श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का स्मरण करते हुए ‘हरहर महादेव’ और ‘जय भाेलेनाथ’ के जयघाेष के साथ यात्रा प्रारंभ की.
केदारेश्वर मंदिर से प्रारंभ हाेकर यह कांवड़ यात्रा क्षेत्र के प्रमुख मार्गाें, भेल चाैक और काजगर चाैक से हाेते हुए नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर पहुंची. पूरे यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था और पूरा परिसर शिवभक्ति के जयकाराें से गूंज उठा. मंदिर पहुंचने पर कांवड़ियाें ने अपनी कांवड़ में लाए गए पवित्र जल से भगवान नीलकंठेश्वर महादेव का श्रद्धापूर्वक जलाभिषेक किया और क्षेत्र में सुख, शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की. इस पूरी कावड़ यात्रा के दाैरान महिलाओं की सहभागिता विशेष रूप से उल्लेखनीय रही. बड़ी संख्या में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर और अत्यधिक उत्साह के साथ कांवड़ यात्रा में हिस्सा लिया.