पिंपरी, 11 अगस्त (आ.प्र.)
शहर में बढ़ते शहरीकरण और सुंदरता काे बनाए रखने के लिए मनपा ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है. शहर की प्रमुख सड़काें, आइलैंड्स और मध्य डिवाइडराें के साैंदर्यीकरण तथा नवीनीकरण का रखरखाव अब पीपीपी, सीएसआर या सीएमआर माॅडल पर किया जाएगा. स्थायी समिति के अध्यक्ष अभिषेक बारणे ने जानकारी दी है कि इस संबंध में नीतिगत मसाैदे (पाॅलिसी ड्राफ्ट) काे स्थायी समिति ने मंजूरी दे दी है.
मनपा के उद्यान एवं वृक्ष संवर्धन विभाग की ओर से शहर के विभिन्न हिस्साें में सड़काें, आइलैंड्स और मध्य डिवाइडराें काे सुशाेभित किया गया है. हालांकि, इन कार्याें का दीर्घकालिक और उचित रखरखाव करना प्रशासन के सामने बड़ी चुनाैती थी. इस चुनाैती से आसानी से निपटने और मनपा पर अतिरिक्त वित्तीय बाेझ डाले बिना निजी भागीदारी के माध्यम से शहर की सुंदरता बनाए रखने के लिए यह नई नीति तैयार की गई है. इस नीति के अंतर्गत सड़काें के साैंदर्यीकरण का रखरखाव पीपीपी या सीएसआर के आधार पर देने की नीति लागू की जाएगी. इस निर्णय से शहर में सार्वजनिक स्थानाें के रखरखाव की समस्या काे हल करने में मदद मिलेगी और शहर की सुंदरता और अधिक निखर उठेगी.